नई दिल्ली: दिल्ली के गोविंदपुरी डबल मर्डर केस में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सौरभ साहू को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मृत महिला का चचेरा भाई बताया जा रहा है।
मामला 20 और 21 मई की रात का है, जब गोविंदपुरी इलाके में महिला शारदा और उसके 13 वर्षीय बेटे खुशहाल की घर के अंदर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
पुलिस ने जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और तकनीकी निगरानी की मदद ली, जिसके आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई गई। इसके बाद तुगलकाबाद एक्सटेंशन के घाटी वाला पार्क इलाके में घेराबंदी की गई।
पुलिस के अनुसार, जब टीम ने आरोपी को रोककर सरेंडर करने के लिए कहा, तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके पैर में गोली मारकर उसे काबू में कर लिया।
इस मुठभेड़ के दौरान एक सब-इंस्पेक्टर की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी, लेकिन वह पूरी तरह सुरक्षित बच गए। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

