नेहरू विहार में दिनदहाड़े हत्या, स्कूटी सवार बदमाशों ने बरसाईं गोलियां

दिल्ली के नेहरू विहार इलाके में रविवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां राशिद नामक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देने वाले हमलावर स्कूटी पर सवार होकर आए थे और पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

जानकारी के अनुसार, 15 जून की शाम करीब 6:10 बजे राशिद अपने घर के पास स्थित एक पानी के प्लांट पर मौजूद थे। इसी दौरान एक स्कूटी पर सवार होकर तीन बदमाश वहां पहुंचे।

सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि तीनों आरोपियों में से दो ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि एक ने कैप लगाई हुई थी। स्कूटी रुकते ही दो बदमाश नीचे उतरे और राशिद पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां लगने से राशिद की मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने इलाके में दहशत फैलाने के लिए हवा में भी गोलियां चलाईं और फिर स्कूटी पर सवार होकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल दिल्ली पुलिस की कई टीमें सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई हैं।

पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top