Swift Action: Subhash Place Police Crack Snatching Case Within 3 Hours, 2 Arrested

मुस्तैद पुलिस: सुभाष प्लेस टीम ने स्नैचिंग की वारदात के मात्र 3 घंटे के भीतर 2 शातिर अपराधियों को दबोचा
-चोरी की स्कूटी और मोबाइल फोन बरामद; एक आरोपी पहले भी आर्म्स एक्ट और चोरी के मामलों में रहा है संलिप्त

नई दिल्ली:
उत्तर-पश्चिम जिला की थाना सुभाष प्लेस पुलिस ने मुस्तैदी का परिचय देते हुए स्नैचिंग की एक वारदात को महज 3 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस टीम ने इस मामले में दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान परवीन (23) निवासी शकूरपुर और राहुल (22) निवासी लॉरेंस रोड के रूप में हुई है। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से पीड़ित का छीना गया मोबाइल फोन, दस्तावेज व पर्स तथा वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की स्कूटी बरामद कर ली गई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी परवीन एक आदतन और सक्रिय अपराधी है, जो पहले भी चोरी और आर्म्स एक्ट के दो मामलों में संलिप्त रह चुका है। दोनों ने आसान तरीके से मोटी रकम कमाने की चाह में झपटमारी की इस वारदात को अंजाम दिया था।

मामले के अनुसार, 13 जून को शकूरपुर निवासी पिंटू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जब वह आजादपुर से पंजाबी बाग की ओर जा रहा था, तभी शकूरपुर फुट ओवर ब्रिज के पास अज्ञात बाइक सवारों ने उसका मोबाइल और जरूरी दस्तावेजों (आधार कार्ड सहित) से भरा पर्स झपट लिया। शिकायत मिलते ही थाना सुभाष प्लेस में बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी सृष्टि भट्ट और थाना प्रभारी निरीक्षक तेजपाल सिंह के कुशल नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें हेड कांस्टेबल हरेंद्र गिरी, प्रदीप, कांस्टेबल मोहित और श्यामवीर शामिल थे।

पुलिस टीम ने तत्काल एक्शन मोड में आते ही घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा स्थानीय स्तर पर खुफिया तंत्र को सक्रिय किया। तकनीकी विश्लेषण और पुख्ता सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने त्वरित छापेमारी कर वारदात के सिर्फ 3 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। आरोपियों की निशानदेही पर बरामद की गई स्कूटी (DL-8SBY-0158) के बारे में जांच करने पर पता चला कि वह भी चोरी की थी, जिसे लेकर पहले ही थाना रानी बाग में ई-एफआईआर दर्ज थी। पुलिस उपायुक्त (उत्तर-पश्चिम जिला) आकांक्षा यादव (IPS) के अनुसार, आरोपियों से सघन पूछताछ की जा रही है ताकि क्षेत्र में हुई अन्य वारदातों में भी उनकी संलिप्तता का पता लगाया जा सके।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top