युद्ध की कीमत: अमेरिका के रणनीतिक तेल भंडार में 43 साल की सबसे बड़ी गिरावट

वॉशिंगटन: अमेरिका का रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार (Strategic Petroleum Reserve-SPR) 43 साल के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है। अमेरिकी ऊर्जा विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश के SPR में अब केवल 34 करोड़ बैरल कच्चा तेल बचा है, जो 1983 के बाद का सबसे कम स्तर है।

रिपोर्टों के मुताबिक, ईरान से जुड़े संघर्ष और वैश्विक तेल आपूर्ति पर बढ़ते दबाव के कारण अमेरिका को अपने भंडार से लगातार तेल जारी करना पड़ा। तेल की कीमतों को नियंत्रण में रखने और घरेलू बाजार में सप्लाई बनाए रखने के लिए अमेरिकी प्रशासन ने रणनीतिक भंडार का इस्तेमाल किया, जिससे इसमें भारी गिरावट दर्ज की गई।

जानकारों के अनुसार, युद्ध शुरू होने से पहले अमेरिका के SPR में करीब 41.5 करोड़ बैरल तेल मौजूद था। मौजूदा स्तर तक पहुंचने का मतलब है कि भंडार में लगभग 7.5 करोड़ बैरल यानी करीब 18 प्रतिशत की कमी आ चुकी है।

अमेरिका ने 1973 के तेल संकट के बाद ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 1975 में SPR की स्थापना की थी। इसकी कुल क्षमता 71 करोड़ बैरल से अधिक है। यह भंडार टेक्सास और लुइसियाना में स्थित चार बड़े केंद्रों—ब्रायन माउंड, बिग हिल, वेस्ट हैकबेरी और बायो चोकटॉ—में रखा जाता है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि वैश्विक तनाव और तेल बाजार में अनिश्चितता बनी रहती है, तो अमेरिका को अपने रणनीतिक भंडार को दोबारा भरने के लिए बड़े पैमाने पर खरीदारी करनी पड़ सकती है। इससे अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार और कीमतों पर भी असर पड़ सकता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top