आज सुबह शनिवार करीब 7:30 बजे उत्तर-पूर्वी दिल्ली के थाना वेलकम क्षेत्र अंतर्गत जनता मजदूर कॉलोनी में एक तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में 11 लोग मलबे में दब गए। दमकल विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, अब तक 8 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दो लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल, पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। बचाव कार्य अब भी जारी है क्योंकि आशंका है कि कुछ लोग अभी भी मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं। घनी आबादी और संकरी गलियों के कारण राहत कार्य में दिक्कतें आ रही हैं, लेकिन फिर भी टीमें लगातार मोर्चे पर जुटी हुई हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इमारत की हालत पहले से जर्जर थी और कई बार इसकी शिकायत भी की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस हादसे ने न केवल प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं बल्कि राजधानी में अवैध और कमजोर इमारतों की स्थिति को लेकर चिंता भी बढ़ा दी है।
इस हादसे ने एक बार फिर शहरी अव्यवस्था और निर्माण मानकों की अनदेखी पर सवाल उठा दिए हैं। दिल्ली जैसे महानगर में जहां लाखों लोग छोटी-छोटी जगहों में रह रहे हैं, वहां ऐसी घटनाएं एक चेतावनी हैं कि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो ऐसे हादसे आम हो सकते हैं। प्रशासन को चाहिए कि वह सिर्फ राहत नहीं बल्कि ठोस जवाबदेही और भविष्य की सुरक्षा पर भी ध्यान दे।
Report By :- Madhav Goel

