दिल्ली के कड़कड़डूमा कोर्ट परिसर में मंगलवार (9 दिसंबर) को अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब सुप्रीम कोर्ट में पूर्व चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया बी.आर. गवई पर जूता फेंकने के लिए सुर्खियों में आए वकील राकेश किशोर की कुछ लोगों ने पिटाई कर दी। यह घटना इतनी तेजी से हुई कि वहां मौजूद लोग समझ ही नहीं पाए कि विवाद शुरू कैसे हुआ। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में दिखा पूरा घटनाक्रम
वायरल वीडियो में देखा गया कि कुछ लोग राकेश किशोर पर हमला करते हैं, जिसके जवाब में वह खुद को बचाने और हमलावरों को रोकने की कोशिश करते हैं। वीडियो में वह हमलावर व्यक्ति से सवाल करते हुए नजर आते हैं—
“तू कौन है, मुझे क्यों मार रहा है?”
इसके बाद वह अचानक ज़ोर से नारा लगाते दिखाई देते हैं—
“सनातन धर्म की जय हो!”
हालांकि, यह हमले का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है और न ही यह पता चल पाया कि हमला किसने और क्यों किया।
हमले पर नहीं दी गई कोई शिकायत
इस पूरे विवाद को लेकर अब तक पुलिस को कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि मामले की जानकारी सोशल मीडिया के ज़रिए मिली है, लेकिन बिना शिकायत के जांच शुरू करना मुश्किल है। वहीं, घटना से जुड़े कोई पुख्ता कारण भी सामने नहीं आए हैं।
पहले जताई थी जान को खतरे की आशंका
हमले से कुछ समय पहले ही राकेश किशोर ने दावा किया था कि उनकी जान को खतरा है। उन्होंने कहा था कि पुलिस उनके घर पर सुरक्षा में तैनात थी और प्रदर्शन कर रहे लोगों को हटाया गया था। उनकी सुरक्षा को लेकर उन्होंने कहा—
“ईश्वर मेरे साथ हैं, इसलिए मुझे कुछ नहीं होगा… लेकिन खतरा अभी भी बना हुआ है।”
हालांकि, उन्होंने अपनी सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से बोलने से इनकार कर दिया।
पूर्व CJI ने किया था माफ, सुप्रीम कोर्ट ने खत्म किया मामला
इससे पहले जूता फेंकने की घटना पर बड़ा फैसला आया था। पूर्व CJI बी.आर. गवई ने राकेश किशोर को माफ कर दिया, जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने उनके खिलाफ अवमानना की कार्रवाई करने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने कहा कि जब पीड़ित पक्ष ने ही माफ कर दिया, तो यह मामला समाप्त माना जाएगा।
फिर भी, सुप्रीम कोर्ट ने इस तरह की घटनाओं के महिमामंडन और दोहराव रोकने के लिए दिशानिर्देश बनाने पर विचार जारी रखने की बात कही थी।
यह भी पढ़ें: https://delhidarpantv.com/attack-on-the-vehicle-dtc-driver-ka-mahat-parvar-and-karmacharya-mabal/

