Sunday, February 15, 2026
spot_img
HomeराजनीतिDelhi PoliticsMNREGA का नाम बदलेगा? अटकलों पर प्रियंका चतुर्वेदी का कड़ा बयान

MNREGA का नाम बदलेगा? अटकलों पर प्रियंका चतुर्वेदी का कड़ा बयान

नई दिल्ली:- मनरेगा (MNREGA) का नाम बदलने को लेकर सामने आई रिपोर्टों पर शिवसेना (यूबीटी) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला है। मनरेगा का नाम बदलकर ‘पूज्य बापू ग्रामीण रोजगार योजना’ किए जाने की अटकलों को उन्होंने जनता को गुमराह करने वाला कदम करार दिया। प्रियंका चतुर्वेदी का कहना है कि यह सरकार की ओर से असली और गंभीर मुद्दों से ध्यान भटकाने की एक और कोशिश है।

प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि केंद्र सरकार की हताशा अब साफ तौर पर नजर आने लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब सरकार के पास जनता के सवालों के ठोस जवाब नहीं होते, तब वह ऐसे प्रतीकात्मक और नाम बदलने जैसे फैसलों का सहारा लेती है। उनके मुताबिक, इन कदमों का मकसद महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं और पर्यावरण जैसे मुद्दों से लोगों का ध्यान हटाना है।

उन्होंने यह भी कहा कि मनरेगा जैसे अहम सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रम का नाम बदलने की चर्चा, गांधी परिवार के योगदान और महात्मा गांधी के विचारों के प्रति असम्मान को दर्शाती है। प्रियंका ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार प्रतीकों की राजनीति में उलझी हुई है, जबकि देश की जनता असल मुद्दों पर जवाब चाहती है।

‘व्हाट्सऐप वाला इतिहास’ बनाम सच्चा इतिहास

प्रियंका चतुर्वेदी ने वंदे मातरम् के 150 वर्षों के अवसर पर हुई चर्चा का जिक्र करते हुए कहा कि अब देश की जनता यह समझने लगी है कि कौन सा इतिहास व्हाट्सऐप पर चलाया जा रहा है और कौन सा असली इतिहास है। उन्होंने कहा कि जो लोग तथ्यों से दूर, सोशल मीडिया पर फैलाए गए इतिहास पर भरोसा करते हैं, उन्हें गांधी परिवार से चिढ़ होती है। जबकि सच्चे इतिहास को जानने और समझने वाले लोग आज भी गांधी परिवार और स्वतंत्रता आंदोलन में उसके योगदान का सम्मान करते हैं।

वायु प्रदूषण पर राजनीति नहीं, समाधान जरूरी

मनरेगा विवाद के साथ-साथ प्रियंका चतुर्वेदी ने वायु प्रदूषण के गंभीर मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की ओर से वायु प्रदूषण पर चर्चा की मांग का समर्थन किया। प्रियंका ने कहा कि यह कोई राजनीतिक या वैचारिक मुद्दा नहीं है, बल्कि सीधे तौर पर आम लोगों की सेहत और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा सवाल है।

उन्होंने दिल्ली की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि आज लोगों को ऐसा महसूस होता है मानो वे हर दिन जहरीली हवा में सांस ले रहे हों। प्रियंका ने यह भी याद दिलाया कि जब आम आदमी पार्टी सत्ता में थी, तब वायु प्रदूषण भाजपा का बड़ा मुद्दा हुआ करता था, लेकिन अब सरकार में आने के बाद इस पर गंभीर चर्चा से बचा जा रहा है। उनके अनुसार, यह सरकार के दोहरे मापदंडों को उजागर करता है।

गौरतलब है कि राहुल गांधी ने भी लोकसभा में कहा था कि वायु प्रदूषण कोई राजनीतिक लड़ाई का विषय नहीं, बल्कि देश के नागरिकों के स्वास्थ्य से जुड़ा साझा संकट है, जिस पर सरकार और विपक्ष को मिलकर ठोस समाधान तलाशना चाहिए।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/new-gangsters-in-tihar-jail/

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments