Monday, February 16, 2026
spot_img
Homeदिल्लीदिल्ली में प्रदूषण का डबल अटैक: जहरीली हवा और शीतलहर के बीच...

दिल्ली में प्रदूषण का डबल अटैक: जहरीली हवा और शीतलहर के बीच AQI 384

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण लगातार गंभीर होता जा रहा है। शनिवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 384 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी के बेहद करीब है। इसके साथ ही घने कोहरे और धुंध ने हालात और मुश्किल बना दिए हैं।

शनिवार सुबह राजधानी के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, सबसे कम दृश्यता सफदरजंग में दर्ज की गई, जहां यह घटकर मात्र 200 मीटर रह गई। वहीं, पालम में दृश्यता 350 मीटर रिकॉर्ड की गई।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, एक्यूआई 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। शनिवार को दिल्ली के 40 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों में से 16 केंद्रों पर एक्यूआई ‘गंभीर’ और 24 केंद्रों पर ‘बेहद खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया।

राजधानी में सबसे खराब हालात आईटीओ इलाके में देखे गए, जहां एक्यूआई 437 रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले शुक्रवार को दिल्ली का औसत एक्यूआई 374 था, जिसमें 11 केंद्र ‘गंभीर’ और 29 केंद्र ‘बेहद खराब’ श्रेणी में थे। यानी 24 घंटे के भीतर प्रदूषण की स्थिति और बिगड़ गई है।

दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली (AQEWS) ने आशंका जताई है कि प्रतिकूल मौसम स्थितियों के चलते आने वाले दो दिनों में प्रदूषण का स्तर और बढ़ सकता है। अनुमान है कि रविवार और सोमवार को दिल्ली का एक्यूआई ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच सकता है।

प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। बृहस्पतिवार से दिल्ली में बाहर से आने वाले बीएस-6 मानक से नीचे के निजी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके साथ ही ‘नो पीयूसी, नो फ्यूल’ नियम को भी सख्ती से लागू किया जा रहा है। इस नियम के तहत वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) के बिना वाहनों को पेट्रोल पंपों पर ईंधन नहीं दिया जा रहा है।

पड़ोसी शहरों में भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं। प्रदूषण मापने वाले ऐप ‘समीर’ के मुताबिक, शनिवार को नोएडा का AQI 416, ग्रेटर नोएडा 362, गाजियाबाद 360 और गुरुग्राम 348 दर्ज किया गया।

लगातार बिगड़ती हवा की गुणवत्ता ने लोगों की सेहत पर खतरा बढ़ा दिया है, वहीं प्रशासन के सामने प्रदूषण पर काबू पाने की चुनौती और कठिन होती जा रही है।

यह भी पढ़ें- https://delhidarpantv.com/air-india-express-pilot-dies-in-public-attack-on-dabag-yatra/

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments