Delhi News | क्रिसमस से पहले दिल्ली में विवाद, पैम्प्लेट बांट रहीं महिलाओं का विरोध, वीडियो वायरल
क्रिसमस 2025 से पहले ही राजधानी दिल्ली में त्योहार को लेकर विवाद सामने आया है। ईस्ट ऑफ कैलाश इलाके की एक मार्केट में क्रिसमस से जुड़ी जानकारी वाले पैम्प्लेट बांट रही महिलाओं और बच्चों का स्थानीय लोगों ने विरोध किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना सोमवार, 22 दिसंबर की शाम करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, करीब 12 महिलाएं और कुछ बच्चे सांता क्लॉज की लाल टोपी पहनकर दुकानदारों और राहगीरों को “मैं क्रिसमस क्यों मनाऊं?” शीर्षक वाले पैम्प्लेट बांट रहे थे। इसी दौरान मार्केट में मौजूद कुछ लोगों ने इस पर आपत्ति जताई और महिलाओं से वहां से जाने को कहा।
सड़क जाम और बिना अनुमति प्रचार का आरोप
विरोध करने वाले लोगों का कहना है कि महिलाएं सड़क के बीच खड़े होकर पैम्प्लेट बांट रही थीं, जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। उनका आरोप है कि इस गतिविधि के लिए प्रशासन से कोई अनुमति नहीं ली गई थी और मौके पर धार्मिक गीत भी बजाए जा रहे थे। लोगों का कहना है कि अगर किसी भी तरह का आयोजन या प्रचार करना है तो इसके लिए पहले अनुमति जरूरी होती है।

स्थानीय लोगों ने यह भी कहा कि किसी को अपने घर या निजी दायरे में त्योहार मनाने से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की गतिविधियों से अव्यवस्था फैलती है। उनका तर्क है कि जब शोभायात्रा या अन्य धार्मिक कार्यक्रम निकाले जाते हैं, तब भी पहले पुलिस प्रशासन से इजाजत ली जाती है।
सौरभ भारद्वाज ने शेयर किया वीडियो
इस मामले पर आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो साझा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के साथ बदतमीज़ी की गई और इसे नफरत फैलाने की मानसिकता करार दिया। अपने पोस्ट में उन्होंने कुछ लोगों पर धर्म के नाम पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप भी लगाया।
स्थानीय लोग बोले—राजनीति की जा रही है
हालांकि, मार्केट में मौजूद कुछ लोग सौरभ भारद्वाज के आरोपों से असहमत नजर आए। उनका कहना है कि इस पूरे मामले को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने दावा किया कि उनका विरोध धर्म के खिलाफ नहीं, बल्कि बिना अनुमति सड़क जाम करने और अव्यवस्था फैलाने को लेकर था।
फिलहाल, यह मामला सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। क्रिसमस से पहले सामने आए इस विवाद ने राजधानी में धार्मिक प्रचार, सार्वजनिक व्यवस्था और अभिव्यक्ति की सीमाओं को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है।
यह भी पढ़ें- https://delhidarpantv.com/bjp-bhutan-statement-on-the-statement-after-clearance-of-the-same-husband/

