उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में देर रात एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल पैदा कर दिया। 32 वर्षीय वसीम नामक शख्स की चाकुओं से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
मृतक वसीम को स्थानीय लोग इलाके का कुख्यात बदमाश बताते हैं। परिजनों का आरोप है कि वसीम की हत्या उसके ही भतीजे ने आपसी रंजिश के चलते की है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।
हाशिम बाबा गैंग के हमले में भी आया था नाम
जानकारी के अनुसार, वसीम वही व्यक्ति है जिस पर कुछ दिन पहले गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल में हाशिम बाबा गैंग के शूटरों ने हमला करने की कोशिश की थी। उस दौरान शूटरों से हुई चूक के कारण वसीम की जगह अस्पताल में भर्ती एक अन्य मरीज को गोली लग गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। इस घटना के बाद मामला काफी चर्चा में रहा था।
कई आपराधिक मामलों में था शामिल
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वसीम पर कई आपराधिक मामले दर्ज थे और उसका नाम छेनू गैंग से भी जुड़ा बताया जा रहा है। इसके अलावा वह थाना शास्त्री पार्क का घोषित अपराधी भी था। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि हत्या पुरानी रंजिश का नतीजा हो सकती है।
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल शास्त्री पार्क थाना पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मृतक के परिजनों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

