Wednesday, March 11, 2026
spot_img
Homecrime newsCCTV में कैद दबंगई: जिम विवाद में महिला से छेड़छाड़, बेटे को...

CCTV में कैद दबंगई: जिम विवाद में महिला से छेड़छाड़, बेटे को निर्वस्त्र कर पीटा

नई दिल्ली।
पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके से दबंगई और बर्बरता की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां जिम से जुड़े विवाद में एक परिवार को बेरहमी से निशाना बनाया गया। इस सनसनीखेज वारदात का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना 2 जनवरी की बताई जा रही है, जिसमें दबंगों ने न सिर्फ परिवार के मुखिया की पिटाई की, बल्कि महिला से छेड़छाड़ और बेटे को निर्वस्त्र कर सड़क पर पीटने जैसी अमानवीय हरकत को भी अंजाम दिया।

पीड़ित राजेश गर्ग ने बताया कि उनके घर के बेसमेंट में एक जिम संचालित होता है, जिसकी देखरेख का जिम्मा सतीश यादव के पास था। आरोप है कि समय के साथ सतीश यादव ने जिम पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया और इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था।

राजेश गर्ग के अनुसार, 2 जनवरी को वह अपनी पत्नी के साथ बेसमेंट में पानी के रिसाव की जांच करने गए थे। इसी दौरान सतीश यादव अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंच गया। बातों-बातों में विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने राजेश गर्ग पर हमला कर दिया। पीड़ित का कहना है कि उन्हें बेरहमी से पीटा गया और उनकी पत्नी के साथ छेड़छाड़ की गई।

स्थिति तब और भयावह हो गई जब उनका बेटा बीच-बचाव के लिए सामने आया। आरोप है कि दबंगों ने युवक को पकड़कर सड़क पर निर्वस्त्र किया और उसके साथ भी मारपीट की। यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फुटेज में आरोपी खुलेआम कानून को चुनौती देते नजर आ रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है और मुख्य आरोपी सतीश यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, अन्य आरोपी विकास यादव, शुभम यादव और ओंकार यादव फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। सभी आरोपियों की भूमिका की पुष्टि के बाद उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

इस घटना के बाद लक्ष्मी नगर इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की वारदातें सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में कोई भी कानून हाथ में लेने की हिम्मत न कर सके।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/the-bail-plea-of-umar-khalid-and-sharjal-imam-is-pending-for-five-rupees/

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments