टिकट लगाने की मंशा से डीडीए ने बंद किए थे पार्क के रास्ते, ‘लेडी सिंघम’ अवतार में दिखीं विधायक पूनम भारद्वाज
– दिल्ली दर्पण ब्यूरो
नई दिल्ली, मुख्य संवाददाता वजीरपुर के अशोका गार्डन में प्रवेश शुल्क (Entry Fee) लगाने की डीडीए की तैयारी और स्थानीय कॉलोनियों के रास्ते बंद करने के फैसले के खिलाफ जन-आक्रोश फूट पड़ा है। क्षेत्रीय विधायक पूनम भारद्वाज ने ‘सिंघम’ तेवर दिखाते हुए खुद हथौड़ा उठाकर डीडीए द्वारा बनाई गई दीवार को ढहा दिया और वेल्डिंग कर बंद किए गए गेटों को कटर से कटवा कर जनता के लिए रास्ता खोल दिया। इस दौरान डीडीए अधिकारी मूकदर्शक बने रहे।
दरअसल, डीडीए वजीरपुर के सबसे बड़े पार्क ‘अशोका गार्डन’ में प्रवेश के लिए टिकट प्रणाली लागू करने की योजना बना रहा है। इसी मंशा के साथ प्रशासन ने बुनकर कॉलोनी और भारत नगर की ओर से पार्क में जाने वाले एंट्री गेटों को दीवार चुनकर और वेल्डिंग कर पूरी तरह बंद कर दिया था। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह पार्क न केवल टहलने के लिए है, बल्कि स्कूल-कॉलेज जाने वाले बच्चों और बुजुर्गों के लिए मुख्य मार्ग भी है। रास्ता बंद होने से लोगों को कई किलोमीटर का चक्कर काटना पड़ रहा था।
‘दिल्ली दर्पण टीवी’ की खबर का बड़ा असर
इस समस्या को लेकर ‘दिल्ली दर्पण टीवी’ ने प्रमुखता से खबर दिखाई थी, जिसके बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। जनता की पुकार सुनकर विधायक पूनम भारद्वाज मौके पर पहुंचीं। वहां की स्थिति और लोगों की बेबसी देखकर वह आग बबूला हो गईं। उन्होंने तुरंत भारी हथौड़ा मंगवाया और खुद ही दीवार तोड़ना शुरू कर दिया। बुनकर कॉलोनी का रास्ता साफ करने के बाद विधायक समर्थकों और जनता के साथ भारत नगर गेट पहुंचीं। वहां गेट को इतनी मजबूती से वेल्ड किया गया था कि वह हथौड़े से नहीं टूटा। इसके बाद विधायक ने तत्काल इलेक्ट्रिक कटर मशीन मंगवाई और गेट को कटवाकर रास्ता बहाल कराया। मौके पर मौजूद जनता ने अपनी विधायक के इस साहसी कदम की सराहना करते हुए उन्हें ‘लेडी सिंघम’ का नाम दिया।

पूनम भारद्वाज ने डीडीए अधिकारियों से साफ़ कहा कि जो पार्क जनता के काम ना सके , जिसमें जनता प्रवेश ना कर सके ऐसा पार्क उन्हें नहीं चाहिए। पार्क का विकास हो इसमें कोई बुराई नहीं है। लेकिन इस तरह लोगों का रास्ता बंद करना बिलकुल बर्दास्त नहीं किया जाएगा। पूनम भारद्वाज ने लोगों को आश्वस्त किया की किसी भी कॉलोनी में गेट को बंद नहीं होने दिया जाएगा। पूनम भारद्वाज के इस ऐलान के बाद लोगों में ख़ुशी की लहार दौर गयी। पूनम भारद्वाज के नारे लगते हुए उन्हें लेडी सिंघम तक कह दिया।
मौके पर मौजूद डीडीए अधिकारियों ने इस कार्रवाई का विरोध किया लेकिन जनता के भारी हुजूम के आगे उनकी एक न चली। अधिकारियों का कहना है कि पार्क में टिकट लगाने का निर्णय उच्च स्तर पर लिया गया है और सुरक्षा की दृष्टि से कुछ गेट बंद किए गए थे। फिलहाल, इस घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और अब सबकी नजरें डीडीए के अगले कदम पर टिकी हैं।
“Lady Singham” in Action: MLA Poonam Bhardwaj Smashes DDA Wall with Sledgehammer to Reopen Park Gates

