नई दिल्ली: दिल्ली में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। एक बार फिर हत्या की सनसनीखेज वारदात ने दिल्लीवासियों को दहला दिया है। पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर थाना क्षेत्र के आचार्य निकेतन इलाके में एक डिलीवरी बॉय की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने तीन नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के मुताबिक, 2 फरवरी की रात करीब 8:15 बजे दिल्ली पुलिस को पीसीआर कॉल मिली, जिसमें एक युवक को चाकू मारने की सूचना दी गई थी। कॉल मिलते ही पांडव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल एलबीएस अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, मृतक के गले और सीने पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई थी।
मृतक की पहचान अरुण राज (22) पुत्र राज शेखर, निवासी पटपड़गंज के रूप में हुई है। अरुण पेशे से डिलीवरी बॉय था और रोज़मर्रा की तरह काम पर निकला था, लेकिन उसे क्या पता था कि वह घर वापस नहीं लौट पाएगा। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
विवाद के बाद दिया गया वारदात को अंजाम
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने वाले तीन युवक मोटरसाइकिल से आए थे। किसी बात को लेकर डिलीवरी बॉय से उनका विवाद हुआ, जो कुछ ही देर में हिंसक हो गया। इसके बाद आरोपियों ने धारदार हथियार से अरुण पर ताबड़तोड़ हमला किया और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम ने मौके की जांच की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और उन्हें पकड़ने में सफलता हासिल की।
तीनों आरोपी नाबालिग, पूछताछ जारी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले तीनों आरोपी नाबालिग हैं। पहले एक आरोपी को हिरासत में लिया गया, जिसके बाद बाकी दो को भी पकड़ लिया गया। फिलहाल तीनों नाबालिगों से पूछताछ की जा रही है और हत्या के पीछे की असली वजह जानने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/budget-2026-how-to-change-party-to-act-on-demand-performance-and-crime-or-only-figures-of-play/

