दिल्ली दर्पण ब्यूरो
नई दिल्ली, 25 मार्च 2026: दिल्ली नगर निगम (MCD) के स्कूलों की तस्वीर बदलने के लिए बुधवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। सिविक सेंटर में शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में निगम स्कूलों को आधुनिक बनाने के लिए कई बड़े निर्णय लिए गए। बैठक में एडिशनल कमिश्नर संजीव मित्तल और शिक्षा निदेशक निखिल तिवारी सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। समिति ने पीएम श्री और सीएम श्री स्कूलों की तर्ज पर “निगम श्री स्कूल” शुरू करने के प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। प्रथम चरण में 24 स्कूलों को इस योजना के तहत विकसित किया जाएगा, जो आगामी शैक्षणिक सत्र से शुरू होंगे।
इन ‘निगम श्री’ स्कूलों में छात्रों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। योजना के अनुसार, प्रत्येक कक्षा में स्मार्ट बोर्ड, डिजिटल लर्निंग और उन्नत पुस्तकालय की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही बेहतर फर्नीचर, खेल गतिविधियां, हरित आधारभूत संरचना और स्वच्छ पेयजल जैसे मानकों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। स्कूलों के समग्र विकास और मरम्मत कार्यों के लिए समिति ने 45 करोड़ रुपये की राशि भी जारी कर दी है। इस राशि का उपयोग मुख्य रूप से शौचालयों के रख-रखाव और बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाने के लिए किया जाएगा।
शिक्षा की गुणवत्ता के साथ-साथ छात्रों के कल्याण पर चर्चा करते हुए योगेश वर्मा ने बताया कि जिन विद्यार्थियों को स्कूल ड्रेस और स्टेशनरी के लिए वित्तीय सहायता नहीं मिली थी, उनके खातों में आज राशि हस्तांतरित कर दी गई है। वहीं, मिड-डे मील की गुणवत्ता को लेकर समिति ने कड़ा रुख अपनाया है। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि भोजन की गुणवत्ता में लापरवाही बरतने वाले एनजीओ (NGOs) के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। शिक्षा समिति का लक्ष्य निगम स्कूलों को आधुनिक शिक्षा के केंद्र के रूप में विकसित करना है ताकि गरीब बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।

