नई दिल्ली/मेरठ: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए मेरठ में चल रही एक ‘गन फैक्ट्री’ को नेस्तनाबूद कर दिया है। इस ऑपरेशन में पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक का पुराना खालिस्तानी आतंकियों को हथियार सप्लाई करने का रिकॉर्ड रहा है। पुलिस ने मौके से खतरनाक ‘पेन पिस्टल’ समेत भारी मात्रा में हथियार और उपकरण जब्त किए हैं।
बादली रेलवे स्टेशन से शुरू हुआ ‘ऑपरेशन मेरठ’
क्राइम ब्रांच को 19 मार्च 2026 को खुफिया जानकारी मिली थी कि मेरठ से दिल्ली में हथियारों की एक बड़ी खेप आने वाली है। पुलिस ने जाल बिछाकर बादली रेलवे स्टेशन के पास से हासिर उर्फ शूटर को दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से दो सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और एक पेन पिस्टल बरामद हुई। पूछताछ में हासिर ने खुलासा किया कि वह ये हथियार मेरठ के परवेज उर्फ फर्रू से लेकर दिल्ली में सप्लाई करता था।
छापेमारी में मिली आधुनिक ‘पेन पिस्टल’ की फैक्ट्री
आरोपी हासिर की निशानदेही पर क्राइम ब्रांच की टीम 26 मार्च को मेरठ पहुंची और परवेज के घर पर धावा बोला। घर की ऊपरी मंजिल पर अवैध हथियार बनाने का पूरा सेटअप लगा हुआ था। पुलिस ने वहां से:
- 24 पेन पिस्टल (जो जेब में रखने पर साधारण पेन जैसी दिखती हैं)
- 78 मैगजीन, 3 बैरल, 3 स्लाइड और 3 पिस्टल बॉडी
- ड्रिल मशीन और हथियार बनाने के दर्जनों छोटे-बड़े औजार।
पुलिस के मुताबिक, ये पेन पिस्टल 7.65 MM कारतूस से फायर करती हैं और भीड़भाड़ वाले इलाकों में किसी की भी जान लेने के लिए बेहद घातक मानी जाती हैं।
खालिस्तानी आतंकियों से जुड़े हैं तार?
मुख्य आरोपी परवेज का आपराधिक इतिहास बेहद चौंकाने वाला है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, परवेज को साल 2017 में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने UAPA के तहत गिरफ्तार किया था। उस पर खालिस्तानी आतंकियों को अवैध हथियार मुहैया कराने का गंभीर आरोप था और वह करीब 5 साल जेल की सजा भी काट चुका है। जेल से बाहर आने के बाद उसने फिर से हथियारों की मंडी सजा ली थी।
बड़ी साजिश की आशंका, जांच जारी
क्राइम ब्रांच अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि परवेज इस बार किन-किन गिरोहों या आतंकी संगठनों के संपर्क में था। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि दिल्ली-एनसीआर में इन ‘पेन पिस्टल्स’ का इस्तेमाल किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए तो नहीं किया जाना था।
यह भी पढ़ें:– https://delhidarpantv.com/nepal-former-pm-kp-oli-arrested-gen-z-protest-arvind-kejriwal-reaction/

