Sunday, April 5, 2026
spot_img
Homeदिल्लीदिल्ली में 'दूध चोर' गैंग का पर्दाफाश: चोरी के ऑटो में करते...

दिल्ली में ‘दूध चोर’ गैंग का पर्दाफाश: चोरी के ऑटो में करते थे वारदातों का पीछा; 38 केस वाला शातिर बदमाश ‘पाथा’ गिरफ्तार

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली की पुलिस ने एक ऐसे अनोखे गैंग का भंडाफोड़ किया है जो घरों और दुकानों के बाहर रखे दूध के क्रेट उड़ाने में माहिर था। दिल्ली पुलिस के आउटर जिले की एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड ने उत्तम नगर इलाके में सक्रिय इस दूध चोर गिरोह के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये शातिर चोर चोरी के ही ऑटो का इस्तेमाल कर दूध सप्लाई वाली गाड़ियों का पीछा करते थे और मौका मिलते ही दूध-दही के क्रेट पार कर देते थे।

CCTV वीडियो ने खोल दी पोल

दरअसल, पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर दूध चोरी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था। इस वीडियो में साफ देखा जा सकता था कि कैसे ये आरोपी बड़ी सफाई से दूध के क्रेट चोरी कर रहे थे। वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस हरकत में आई और टेक्निकल सर्विलांस की मदद से आरोपियों का पीछा करना शुरू किया।

जाल बिछाकर चर्च के पास से दबोचे गए आरोपी

3 अप्रैल को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गिरोह के सदस्य मोहित उर्फ पाथा और आयुष मान पांडे उर्फ पंडित अपने एक साथी से मिलने विकास नगर के पास स्थित चर्च के पास आने वाले हैं। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी की और जैसे ही एक थ्री-व्हीलर (ऑटो) वहां पहुंचा, पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान ऑटो से 14 खाली दूध के क्रेट बरामद हुए।

प्रेम नगर से चोरी का था ‘क्राइम ऑटो’

जांच में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जिस ऑटो में सवार होकर ये आरोपी दूध चोरी करते थे, वह भी चोरी का निकला। पुलिस के अनुसार, यह थ्री-व्हीलर प्रेम नगर इलाके से चुराया गया था। आरोपी इसी चोरी के वाहन का इस्तेमाल सप्लायरों की रेकी करने और माल ठिकाने लगाने के लिए करते थे।

डाबड़ी और बिंदापुर में ‘सस्ते’ में बेचते थे माल

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे तड़के सुबह दूध सप्लाई करने वाली गाड़ियों का पीछा करते थे। जैसे ही सप्लायर किसी दुकान या घर के बाहर क्रेट रखकर आगे बढ़ता, ये पलक झपकते ही उसे उठा लेते थे। चोरी किया गया दूध और दही बाद में डाबड़ी और बिंदापुर के स्थानीय सप्लाई पॉइंट्स पर सस्ते दामों में बेच दिया जाता था।

38 मुकदमों वाला ‘पाथा’ फरवरी में ही आया था जेल से बाहर

गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य सरगना मोहित उर्फ पाथा रन्होला का निवासी है और उस पर चोरी, स्नैचिंग और वाहन चोरी के 38 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि वह इसी साल फरवरी 2026 में जेल से बाहर आया था और बाहर आते ही दोबारा अपराध की दुनिया में सक्रिय हो गया। दूसरा आरोपी आयुष मान पांडे उर्फ पंडित भी रन्होला का ही रहने वाला है।

यह भी पढ़ें: https://delhidarpantv.com/the-matter-of-the-15-year-old-child-being-attacked-by-the-party-is-being-investigated/

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments