Sunday, June 14, 2026
spot_img
Homecrime newsपूर्वी दिल्ली में खौफ: त्रिलोकपुरी में युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला;...

पूर्वी दिल्ली में खौफ: त्रिलोकपुरी में युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला; गंभीर हालत में AIIMS रेफर, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के यमुना पार इलाके में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके से सामने आया है, जहाँ शुक्रवार रात एक 26 वर्षीय युवक पर कुछ बदमाशों ने चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए, जबकि घायल युवक को गंभीर हालत में एम्स (AIIMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इस्त्री कराए कपड़े लेकर लौट रहा था युवक, रास्ते में घेरा

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान त्रिलोकपुरी निवासी हुज़ाफ (26 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना शुक्रवार (10 अप्रैल 2026) रात करीब 8 बजे की है। हुज़ाफ अपने कपड़े इस्त्री (Press) करवाकर घर लौट रहा था, तभी ब्लॉक 27 स्थित हनुमान मंदिर के पास कुछ युवकों ने उसे रास्ते में रोक लिया। हमलावरों ने पहले हुज़ाफ के साथ गाली-गलौज की और फिर जान से मारने की धमकी देते हुए उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए।

पीठ और कंधे पर आए गहरे जख्म

हमले के दौरान हुज़ाफ के कंधे और पीठ पर चाकू के गहरे घाव आए हैं। खून से लथपथ हालत में हुज़ाफ किसी तरह अपने घर के पास पहुँचा, जहाँ परिजनों ने उसे तुरंत लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, जख्म गहरे होने और हालत बिगड़ने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए एम्स (AIIMS) रेफर कर दिया है, जहाँ उसका उपचार जारी है।

पुलिस की कार्रवाई: आरोपियों की पहचान हुई

ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि मयूर विहार थाना पुलिस को रात 8 बजे चाकूबाजी की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुँचकर जांच शुरू कर दी है। डीसीपी के मुताबिक, हमलावरों की पहचान कर ली गई है और यह वारदात आपसी विवाद का नतीजा लग रही है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही हैं।

इस घटना ने एक बार फिर त्रिलोकपुरी जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में कानून-व्यवस्था और पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासियों में इस वारदात के बाद से काफी आक्रोश और डर का माहौल है।

यह भी पढ़ें: https://delhidarpantv.com/then-the-shattered-party-tears-wahar-matter-kamal-kahsan-and-horrifying-at-factor-karmachar-ka-chakkar-murder-2-accused-arrested/

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments