नई दिल्ली/चंडीगढ़:- आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने पंजाब के अमृतसर और जालंधर में हुए हालिया धमाकों को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा निशाना साधा है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि ये धमाके पंजाब के अमन-चैन को बिगाड़ने की एक सोची-समझी साजिश हैं। सिंह ने इसे बीजेपी के “मिशन पंजाब” से जोड़ते हुए कहा कि चुनाव से ठीक पहले इस तरह की घटनाएं राज्य में डर और नफरत का माहौल पैदा करने के लिए की जा रही हैं, ताकि राजनीतिक लाभ लिया जा सके।
ISI और पुरानी घटनाओं का हवाला देते हुए केंद्र को घेरा
संजय सिंह ने बीजेपी पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि इनका इतिहास संदिग्ध रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि पठानकोट हमले की जांच के लिए मोदी सरकार ने खुद पाकिस्तानी एजेंसी आईएसआई (ISI) को भारत बुलाया था। इसके साथ ही उन्होंने पुलवामा में 350 किलो आरडीएक्स के पहुंचने और पहलगाम में सुरक्षा हटाए जाने जैसे गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बीजेपी का “चोली-दामन का साथ” उन ताकतों से है जो देश की शांति भंग करना चाहती हैं, और अब वही प्रयोग पंजाब की धरती पर दोहराने की कोशिश हो रही है।
मणिपुर और बंगाल की स्थिति पर उठाए सवाल, पंजाब की जनता से अपील
देश के अन्य हिस्सों की स्थिति का जिक्र करते हुए संजय सिंह ने कहा कि पिछले तीन साल से मणिपुर जल रहा है, लेकिन केंद्र सरकार को उसकी कोई चिंता नहीं है। उन्होंने बंगाल चुनाव के बाद हुई हिंसा का उदाहरण देते हुए कहा कि बीजेपी जहां भी जाती है, वहां का माहौल खराब करने का प्रयास करती है। उन्होंने पंजाब के लोगों को सचेत करते हुए कहा कि वे ऐसी विभाजनकारी ताकतों से सावधान रहें। सिंह के अनुसार, पंजाब की जनता इन साजिशों को समझ चुकी है और चुनाव में इसका करारा जवाब देगी।
यह भी पढ़ें:– https://delhidarpantv.com/delhi-police-encounter-kaccha-baniyan-gang-arrest-south-delhi-malviya-nagar/

