Saturday, May 9, 2026
spot_img
Homeदिल्लीदिल्ली शर्मसार: जनकपुरी के प्राइवेट स्कूल में 3 साल की बच्ची से...

दिल्ली शर्मसार: जनकपुरी के प्राइवेट स्कूल में 3 साल की बच्ची से केयरटेकर ने की दरिंदगी, पुलिस और स्कूल प्रशासन पर गंभीर सवाल

नई दिल्ली:- राजधानी के जनकपुरी इलाके में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक निजी स्कूल में नर्सरी की तीन वर्षीय मासूम बच्ची के साथ स्कूल के ही 57 वर्षीय केयरटेकर ने दुष्कर्म किया। पीड़ित बच्ची ने इसी सत्र में दाखिला लिया था और स्कूल जाने के पहले ही दिन यानी 28 अप्रैल को उसके साथ यह घिनौनी वारदात हुई। बच्ची की तबीयत बिगड़ने और उसके द्वारा आपबीती सुनाने के बाद परिजनों ने उसे अस्पताल पहुँचाया, जहाँ मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई। पुलिस ने बच्ची की निशानदेही पर आरोपी केयरटेकर को गिरफ्तार कर पोक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

इस मामले में पीड़ित परिवार ने स्कूल प्रबंधन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर अत्यंत गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का दावा है कि वारदात के समय मौके पर एक शिक्षिका भी मौजूद थी, लेकिन स्कूल प्रशासन ने उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। इसके साथ ही, पीड़ित पिता ने पुलिस पर भी प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें और बच्ची को कई घंटों तक थाने में बैठाकर परेशान किया गया। आरोपी को इतनी गंभीर धाराओं के बावजूद जमानत मिल जाने से परिजनों में भारी रोष है और वे न्याय की गुहार लगा रहे हैं।

घटना के बाद से स्कूल में पढ़ने वाले अन्य बच्चों के अभिभावकों और स्थानीय निवासियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। जांच के दौरान बच्ची खुद पुलिस टीम को स्कूल के उस गोदाम तक ले गई जहाँ उसके साथ दरिंदगी हुई थी, और वहाँ से पुलिस को महत्वपूर्ण साक्ष्य भी मिले हैं। इस शर्मनाक घटना ने निजी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और प्रबंधन की जवाबदेही पर बड़े सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग अब आरोपी के लिए सख्त से सख्त सजा और स्कूल प्रशासन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: https://delhidarpantv.com/pjb-threat-on-sajay-saha-k-bad-khalas-mission-pjb-k-bahan-shat-bhag-karan-k-rach-j-rah-sajsh/

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments