Saturday, May 9, 2026
spot_img
Homecrime newsदिल्ली में 16 साल के किशोर की चाकू गोदकर हत्या, मां बोली-...

दिल्ली में 16 साल के किशोर की चाकू गोदकर हत्या, मां बोली- “पुलिस सुन लेती तो मेरा बेटा जिंदा होता”

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के आउटर नॉर्थ जिले के भलस्वा डेरी इलाके में 16 साल के एक किशोर की बेरहमी से चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। सड़क पर फैला खून और बिलखती मां की चीखें कानून व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर रही हैं।

जानकारी के मुताबिक, भलस्वा थाना क्षेत्र में कुछ हमलावरों ने नाबालिग पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने किशोर पर कई वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। इलाके में दहशत का माहौल है।

हत्या की सूचना मिलते ही भलस्वा थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से खून के नमूने और अन्य अहम साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

मृतक की मां ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि उनके बेटे को पहले भी जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं और इस संबंध में उन्होंने थाने में शिकायत भी दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मां का कहना है कि अगर समय रहते पुलिस कदम उठाती तो उनका बेटा आज जिंदा होता।

बिलखती मां ने आरोप लगाया कि ‘टमाटर’, ‘लस्सा’ और ‘मामा’ नाम के लोगों ने उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी थी। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले भी उनके बेटे के साथ मारपीट की गई थी और आरोपी लगातार उसे तलाश रहे थे। मां के मुताबिक, उनका बेटा “मुंह का सीधा और सच बोलने वाला” था, लेकिन किसी गलत गतिविधि में शामिल नहीं था।

परिवार ने बताया कि वारदात से कुछ समय पहले किशोर घर से मशीन ठीक कराने के लिए निकला था। उसने मां से कहा था कि वह शाम तक पैसे लेकर लौट आएगा, लेकिन उसके बाद परिवार को उसकी मौत की खबर मिली।

फिलहाल पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी है। वहीं, इस घटना के बाद इलाके के लोगों में भारी गुस्सा है और वे आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: https://delhidarpantv.com/delhi-janakpuri-school-child-abuse-caretaker-arrested-news/

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments