राजधानी दिल्ली में देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध इलाके में आने वाले हैं, जिसके बाद टीम ने घेराबंदी कर जांच शुरू की।
जैसे ही पुलिस ने दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया, बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और हुई जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद दोनों को मौके पर ही दबोच लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी कई संगीन आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं और लंबे समय से उनकी तलाश की जा रही थी। मौके से हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस उनके नेटवर्क और अन्य साथियों की भी तलाश कर रही है।

