दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 पर शुक्रवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एयर इंडिया एक्सप्रेस के एक पायलट ने कथित तौर पर एक यात्री के साथ मारपीट की, जिसमें यात्री लहूलुहान हो गया। मामले के सामने आते ही एयरलाइन ने आरोपी पायलट को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और जांच के आदेश दिए हैं।
पीड़ित यात्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर इस हमले की जानकारी साझा की। यात्री ने अपने पोस्ट में अपने घायल चेहरे की तस्वीरें और आरोपी पायलट की फोटो भी साझा की है। तस्वीरों में यात्री के चेहरे पर खून साफ नजर आ रहा है।
घटना के वक्त पायलट ड्यूटी पर नहीं था और वह एक यात्री के रूप में यात्रा कर रहा था। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि दिल्ली एयरपोर्ट पर हुई इस घटना की जानकारी उन्हें है, जिसमें उनका एक कर्मचारी, जो किसी अन्य एयरलाइन की फ्लाइट में यात्री के रूप में सफर कर रहा था, दूसरे यात्री के साथ झगड़े में शामिल पाया गया है।
एयरलाइन ने कहा, “हम इस तरह के व्यवहार की कड़ी निंदा करते हैं। संबंधित कर्मचारी को जांच पूरी होने तक तत्काल प्रभाव से सभी आधिकारिक कर्तव्यों से हटा दिया गया है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।”
पीड़ित यात्री अंकित दीवान ने आरोप लगाया है कि एयर इंडिया एक्सप्रेस के कैप्टन वीरेंद्र सेजवाल ने टर्मिनल-1 पर उनके साथ मारपीट की। दीवान के अनुसार, इस पूरी घटना को उनकी सात वर्षीय बेटी ने अपनी आंखों से देखा, जिसके बाद वह गहरे सदमे में है और अभी भी डरी हुई है।
फिलहाल, एयरलाइन द्वारा मामले की आंतरिक जांच की जा रही है, जबकि सोशल मीडिया पर यह मामला तेजी से वायरल हो रहा है और यात्री सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
यह भी पढ़ें- https://delhidarpantv.com/dalal-major-action-transit-agent-location-with-card-puff-and-sun-chand-seizure/

