नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज एक लाइव प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए शराब घोटाले पर आए अदालती आदेश को ऐतिहासिक करार दिया। केजरीवाल ने न्यायपालिका का आभार जताते हुए कहा कि आज के डर और दबाव के माहौल में जज साहब ने जो हिम्मत दिखाई है, वह काबिले तारीफ है। उन्होंने कहा कि पिछले 4 साल से सीबीआई और ईडी जैसी संस्थाओं का इस्तेमाल करके आम आदमी पार्टी की ईमानदारी पर चोट करने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन कोर्ट के करीब 600 पन्नों के आदेश ने यह साफ कर दिया है कि उनके खिलाफ एक ‘निक्का’ सा भी सबूत नहीं है कि मुकदमा चलाया जा सके। कोर्ट ने इसे इतना फर्जी केस माना है कि जांच अधिकारियों के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की टिप्पणी की है।
केजरीवाल ने इस पूरी साजिश के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि दिल्ली में चुनाव न जीत पाने की वजह से यह घिनौना षड्यंत्र रचा गया। उन्होंने कहा, “मैंने पूरी जिंदगी केवल ईमानदारी कमाई है और ये लोग मेरी उसी ताकत को खत्म करना चाहते थे।” केजरीवाल ने भावुक होते हुए बताया कि इस दौरान उनके और मनीष सिसोदिया के परिवार ने बहुत कष्ट सहे हैं, लेकिन कोर्ट के इस फैसले ने अब पूरे देश के सामने साबित कर दिया है कि आम आदमी पार्टी ‘कट्टर ईमानदार’ है। उन्होंने केंद्र सरकार को चुनौती दी कि वे दिल्ली में दोबारा चुनाव कराकर दिखाएं, भाजपा 10 सीटें भी नहीं जीत पाएगी।
केजरीवाल ने आगे कहा कि सीबीआई मामले में राहत के बाद अब ईडी का केस भी महज एक औपचारिकता रह गया है, जिसे लेकर वे अगले हफ्ते कोर्ट में अर्जी देंगे। उन्होंने कांग्रेस पर भी पलटवार करते हुए कहा कि उनके नेता जेल गए जबकि कांग्रेस के नेताओं पर कोई आंच नहीं आई, ऐसे में कांग्रेस के आरोप बेबुनियाद हैं। केजरीवाल ने अंत में कहा कि अब मोदी जी के पास उनसे निपटने का केवल एक ही तरीका बचा है कि वे उनकी हत्या करवा दें, क्योंकि वे आम आदमी पार्टी को जनहित के कामों की राजनीति में नहीं हरा सकते।

