नई दिल्ली:
देश की राजधानी दिल्ली में गुरुवार से अटल कैंटीन योजना की शुरुआत हो गई है। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में एक साथ 45 अटल कैंटीन (अन्ना कैंटीन) शुरू की गईं। इस योजना के तहत गरीबों और जरूरतमंदों को मात्र 5 रुपये में भरपेट और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
अटल कैंटीन में मिलने वाली थाली में रोटी, सब्जी, दाल-चावल और अचार शामिल है। एक कैंटीन में एक वक्त में करीब 500 लोगों को भोजन कराने की क्षमता रखी गई है।
मुख्यमंत्री ने खुद लिया जायजा

योजना के शुभारंभ के दिन दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्वयं एक अटल कैंटीन में पहुंचकर भोजन किया और वहां मौजूद स्टाफ से व्यवस्था, गुणवत्ता और संचालन से जुड़ी पूरी जानकारी ली। सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य शहरी गरीबों, मजदूरों और जरूरतमंदों को सस्ता और सम्मानजनक भोजन उपलब्ध कराना है।
अटल कैंटीन में क्या-क्या मिलेगा
- सिर्फ 5 रुपये में भरपेट थाली
- रोटी, सब्जी, दाल-चावल और अचार
- रोजाना तय समय पर भोजन की व्यवस्था
- आगे चलकर दिल्ली में 100 अटल कैंटीन खोलने की योजना
भोजन का समय
- सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक
- शाम 6:30 बजे से रात 9:30 बजे तक
दिल्ली में कहां-कहां खुलीं अटल कैंटीन
अभी दिल्ली के 45 स्थानों पर अटल कैंटीन शुरू की गई हैं, जिनमें प्रमुख रूप से ये इलाके शामिल हैं—
- नरेला (सेक्टर A-6 हुडको, होलांबी कलां)
- बवाना (शाहबाद दौलतपुर, एसआरएस बवाना)
- बादली (संजय कैंप)
- आदर्श नगर, शालीमार बाग, वजीरपुर
- तिमारपुर, शकूरबस्ती, मंगोलपुरी
- राजौरी गार्डन, मादीपुर, शकूरपुर बस्ती
- मोती नगर, राजिंदर नगर
- विकासपुरी, मटियाला, नजफगढ़
- पालम, महरौली, आरके पुरम
- छतरपुर सहित कई जेजे क्लस्टर और मजदूर बहुल इलाके
सरकार के मुताबिक, बाकी 55 अटल कैंटीन जल्द ही शुरू कर दी जाएंगी।
गरीबों को बड़ी राहत
अटल कैंटीन योजना को दिल्ली में बढ़ती महंगाई के बीच गरीबों और दिहाड़ी मजदूरों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। सरकार का दावा है कि इस योजना से रोजाना हजारों जरूरतमंद लोगों को सस्ता, साफ और पौष्टिक भोजन मिल सकेगा।
यह भी पढ़ें- https://delhidarpantv.com/atal-bihari-vajpayees-controversial-statement-on-his-relationship-with-the-donkey-family/

