नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राजधानी के युवाओं की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले एक खतरनाक गिरोह का पर्दाफाश किया है। जिम जाने वाले युवाओं को नामी ब्रांड के नाम पर ‘जहर’ परोसने वाले इस गिरोह के एक और मुख्य सदस्य नवीन कुमार उर्फ बंजारा को रानी खेड़ा गांव से गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को दबोच चुकी है, जिनसे पूछताछ के बाद इस अवैध फैक्ट्री का खुलासा हुआ।
ब्रांडेड डिब्बों में भरा जा रहा था ‘सस्ता पाउडर’
जांच में सामने आया है कि आरोपी नवीन कुमार कम कीमत वाले पाउडर, माल्टोडेक्सट्रिन (Maltodextrin), कोको पाउडर और फ्लेवर मिलाकर नकली प्रोटीन तैयार करता था। इसे Optimum Nutrition (ON) और Syntha-6 जैसे अंतरराष्ट्रीय ब्रांड के नकली डिब्बों में भरा जाता था। ग्राहकों को धोखा देने के लिए आरोपी इन पर नकली स्टिकर, क्यूआर कोड और होलोग्राम तक लगाता था, जिससे आम युवा असली और नकली में फर्क नहीं कर पाते थे।
रानी खेड़ा फैक्ट्री से बरामद हुआ जखीरा
क्राइम ब्रांच की टीम ने जब रानी खेड़ा स्थित फैक्ट्री पर छापा मारा, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। मौके से पुलिस ने बरामद किया:
- 26 भरे हुए नकली प्रोटीन के डिब्बे और सैकड़ों खाली जार।
- सैकड़ों नकली स्टिकर और होलोग्राम (नामी ब्रांड्स के)।
- 10 बैग कच्चा माल और भारी मात्रा में फ्लेवर पाउडर।
- हाई-टेक मशीनें: सप्लीमेंट बनाने की मशीन, इंडक्शन सीलिंग मशीन और क्यूआर कोड प्रिंटिंग मशीन।
पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां
इससे पहले पुलिस ने मोहित तिवारी और मोहित दीक्षित को गिरफ्तार किया था, जिनके पास से 150 किलो नकली सप्लीमेंट मिला था। नवीन कुमार की गिरफ्तारी इस कड़ी में तीसरी बड़ी सफलता है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह नकली सप्लीमेंट दिल्ली-एनसीआर के किन-किन जिमों और सप्लीमेंट स्टोर्स पर सप्लाई किया जा रहा था।
यह भी पढ़ें:– https://delhidarpantv.com/delhi-dayalpur-minor-murder-subhan-malik-hafiz-e-quran-dispute/

