दिल्ली के साकेत में मणिपुर की युवती से बदसलूकी, विरोध करने पर मारपीट; अस्पताल में कराया गया भर्ती
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में एक बार फिर नॉर्थ-ईस्ट की रहने वाली युवतियों के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। दक्षिण दिल्ली के साकेत इलाके में रविवार को पार्क में घूम रही मणिपुर की एक युवती के साथ कुछ युवकों ने कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी की। जब युवती और उसकी दोस्त ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने युवती के साथ मारपीट कर दी।
विरोध करने पर युवकों ने की मारपीट
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता अपनी एक दोस्त के साथ पार्क में टहल रही थी। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों ने उन पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं। जब दोनों लड़कियों ने इसका विरोध किया तो कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि इसके बाद युवकों ने युवती के साथ मारपीट कर दी, जिससे वह घायल हो गई।
घटना के बाद घायल युवती को इलाज और मेडिकल जांच के लिए सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। दिल्ली पुलिस के अनुसार पीड़िता को हल्की चोटें आई हैं और मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और घटना की पूरी सच्चाई सामने लाने के लिए जांच जारी है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
गौरतलब है कि हाल के दिनों में नॉर्थ-ईस्ट की महिलाओं के साथ बदसलूकी के कई मामले सामने आ चुके हैं। कुछ दिन पहले भी इसी तरह की घटना में पुलिस ने केस दर्ज कर एक पति-पत्नी को गिरफ्तार किया था।
होली विवाद में युवक की हत्या का मामला भी चर्चा में
इधर, दिल्ली में हाल ही में एक और आपराधिक घटना ने सुर्खियां बटोरी हैं। पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में होली खेलने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी।
मृतक की पहचान तरुण के रूप में हुई थी। आरोप है कि दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान एक पक्ष ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें तरुण गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। घटना में तरुण के चाचा भी गंभीर रूप से घायल हुए थे।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने राजधानी में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे में अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस की सख्ती और प्रभावी कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/uttam-nagar-murder-case-mcd-conducts-action-at-the-accuseds-house/

