नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के रानी बाग इलाके में एक शादी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब मामूली बात पर शुरू हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। खाने को लेकर हुए झगड़े में बीच-बचाव करने पहुंचे साढ़े 17 साल के एक किशोर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका एक दोस्त गंभीर रूप से घायल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
खाने के विवाद में गई जान
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रोहिणी के नाहरपुर निवासी निखिल यादव (17.5 वर्ष) के रूप में हुई है। निखिल पेशे से मोटर मैकेनिक था। बीती रात वह अपने दोस्तों के साथ रानी बाग स्थित एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। चश्मदीदों और दोस्तों के मुताबिक, वहां कुछ लड़कों के बीच खाने को लेकर बहस हो रही थी। जब निखिल और उसके दोस्त सनी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी लड़कों ने उन पर ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला कर दिया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
हमले में निखिल और सनी बुरी तरह लहूलुहान हो गए। सनी को कमर के नीचे चाकू लगा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान निखिल ने दम तोड़ दिया। निखिल की मौत की खबर मिलते ही शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और परिवार में कोहराम मच गया।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही जिले के डीसीपी, एडिशनल डीसीपी और एसीपी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। क्राइम टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिए हैं और कुछ संदिग्ध लड़कों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान लगभग हो चुकी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें:– https://delhidarpantv.com/sanjay-singh-slams-cm-rekha-gupta-court-setting-remark-contempt-of-court-demand/

