Monday, February 16, 2026
spot_img
HomeDelhi Politics“राजनीति में आगे बढ़ना है तो रामलीला करो” — बीजेपी नेता विकेश...

“राजनीति में आगे बढ़ना है तो रामलीला करो” — बीजेपी नेता विकेश सेठी का बयान बना चर्चा का विषय

-राजेंद्र स्वामी , दिल्ली दर्पण 

नई दिल्ली। “राजनीति में आगे बढ़ना है और बड़ा नेता बनना है तो रामलीला करो।”
बीजेपी नेता और दिल्ली नगर निगम रोहिणी ज़ोन के अध्यक्ष विकेश सेठी ने यह बात पीतमपुरा स्थित केशव रामलीला कमेटी के मंच से कही तो उपस्थित लोगों के बीच यह बयान व्यंग्य और चर्चा दोनों का विषय बन गया। अपने भाषण में उन्होंने न सिर्फ खुद का, बल्कि केशव रामलीला कमेटी अध्यक्ष और विधायक अशोक गोयल देवराह समेत कई नेताओं का उदाहरण देते हुए कहा — “जो-जो रामलीला करता है, वही नेता बन जाता है।”

उनके उदाहरणों में नॉर्थ दिल्ली की कई रामलीला समितियों के प्रधानों का नाम शामिल रहा। मंच से यह संदेश साफ गया कि राजनीति में रामलीलाओं की भूमिका केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सत्ता तक पहुँचने का रास्ता भी बन चुकी है।

पीतमपुरा के नेताजी सुभाष प्लेस डीडीए ग्राउंड में हुए इस भूमि पूजन कार्यक्रम में बीजेपी के कई बड़े नेता, निगम पार्षद और विधायक मौजूद रहे। मुख्य अतिथि दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने भी अपने संबोधन में स्वीकार किया कि दिल्ली की रामलीलाओं में इस बार सरकार बनने का असर साफ दिखाई दे रहा है।

केशव रामलीला कमेटी यूँ तो पिछले 14 वर्षों से लगातार आयोजन करती आ रही है, लेकिन इस वर्ष फर्क यह है कि इसके अध्यक्ष अब विधायक भी हैं। यही वजह है कि इस मंच का महत्व और भी बढ़ गया है।

मॉडल टाउन से पार्षद विकेश सेठी का दावा बेबुनियाद नहीं लगता। अशोक विहार, त्रि नगर, मॉडल टाउन और पीतमपुरा जैसे इलाकों की रामलीलाओं सहित दिल्ली की लगभग 80 प्रतिशत रामलीलाएं बीजेपी नेताओं और उनके समर्थकों के संरक्षण में आयोजित होती हैं। अब जब 28 साल बाद दिल्ली में बीजेपी की सरकार बनी है, तो इसका सीधा असर राजधानी की रामलीलाओं पर भी दिख रहा है।

इस वर्ष रामलीला समितियों में खासा उत्साह है। एक ओर बीजेपी नेता रामलीलाओं को अतिरिक्त सुविधाओं और रियायतों का आश्वासन दे रहे हैं, तो दूसरी ओर मंचों से सरकार और संघ की उपलब्धियों को प्रचारित करने की तैयारियाँ भी खुलकर की जा रही हैं।

अशोक विहार फेज-2 की आदर्श रामलीला कमेटी के भूमिपूजन में भी ऐसा ही नज़ारा दिखा। कमेटी अध्यक्ष अशोक गर्ग ने खुले शब्दों में कहा — “यदि संघ है, तो हम हैं।” वहीं दिल्ली बीजेपी और कमेटी के पदाधिकारी सतीश गर्ग ने भी मंच से संघ की शताब्दी वर्षगांठ “विजय केतु 100” का हवाला देते हुए ऐलान किया कि इस बार रामलीला के मंचों से केंद्र और दिल्ली सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments