Delhi News: जनकपुरी में तेज रफ्तार कार का कहर, स्कूल जा रही 6 साल की बच्ची की मौत
नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में तेज रफ्तार कार की टक्कर से 6 साल की मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दिख रहा है कि तेज स्पीड में आ रही कार ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और बाद में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
17 फरवरी की सुबह हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक यह घटना 17 फरवरी की सुबह करीब 7:40 बजे हुई। बच्ची अपनी नानी के साथ ई-रिक्शा से स्कूल जा रही थी। तभी एक बेकाबू कार ने रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे ई-रिक्शा पलट गया। हादसे में नानी और नातिन दोनों घायल हो गईं। बच्ची खून से लथपथ सड़क पर पड़ी थी और उसकी नानी मदद के लिए लोगों से गुहार लगाती रहीं, लेकिन कोई भी तुरंत सहायता के लिए आगे नहीं आया।
अस्पताल ले जाने में हुई देरी
घायल बच्ची को पहले जनकपुरी स्थित माता चानन देवी अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे गंभीर हालत में मैक्स हॉस्पिटल द्वारका रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
आरोपी हिरासत में
डीसीपी शरद भास्कर ने बताया कि नानी के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और आरोपी संजीव को हिरासत में लिया है। वह माजरा डबास का रहने वाला बताया जा रहा है। मामले की आगे जांच जारी है।
नानी ने सुनाई आपबीती
हादसे में जान गंवाने वाली बच्ची की नानी ने बताया, “हम स्कूल जा रहे थे, तभी अचानक तेज रफ्तार कार ने हमारे ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। मैं सड़क पर गिर गई। मेरी पोती मेरे पास खून से लथपथ पड़ी थी। मैंने वहां खड़े लोगों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन कोई आगे नहीं आया। एक कार ड्राइवर खड़ा देखता रहा और फिर वहां से चला गया।”
मां का आरोप: बहुत तेज थी कार
बच्ची की मां ने बताया कि अस्पताल के एक कर्मचारी ने उन्हें हादसे की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मौके पर भीड़ तो जमा हो गई थी, लेकिन किसी ने समय पर मदद नहीं की। परिवार का आरोप है कि कार बेहद तेज रफ्तार में थी, जिसके कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ।

