– राजेंद्र स्वामी , दिल्ली दर्पण ब्यूरो
नई दिल्ली: दिल्ली में निगम कर्मचारियों पर हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। वज़ीरपुर में एक कर्मचारी के साथ हुई बर्बरता के बाद अब मुख्यमंत्री के अपने निर्वाचन क्षेत्र शालीमार बाग में दबंगई का मामला सामने आया है। यहाँ उद्यान विभाग (Horticulture) के कर्मचारियों के साथ न केवल मारपीट की गई, बल्कि आरोप है कि रसूखदारों ने उनका गला दबाने और जान से मारने की धमकी भी दी। इस मामले में पुलिस ने इलाके की पूर्व विधायक के पति सज्जन सिंह समेत कई लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में FIR दर्ज की है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, केशव पुरम जोन के उद्यान विभाग में तैनात ‘चौधरी’ रजनेश कुमार अपने साथियों के साथ शालीमार बाग के CA ब्लॉक सेंटर पार्क में ड्यूटी पर थे। आरोप है कि वहाँ कुछ लोग बिना अनुमति के टेंट लगा रहे थे और ट्यूबवेल से बिजली चोरी कर रहे थे। जब सरकारी कर्मचारियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो आरोपी भड़क गए और गाली-गलौज के साथ मारपीट शुरू कर दी।

पूर्व विधायक के पति का नाम आया सामने
इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपियों में शालीमार बाग की पूर्व विधायक के पति सज्जन सिंह का नाम भी शामिल है। FIR के अनुसार, सज्जन सिंह, विकाश, प्रशांत, रजनेश और अन्य साथियों ने मिलकर कर्मचारियों को घेरा, उनका रास्ता रोका और उन पर हमला किया। पीड़ित कर्मचारियों को इलाज के लिए BJRM अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका मेडिकल करवाया गया है। इस मामले में पूर्व विधायक के पति सज्जन कुमार से सम्पर्क करने की कोशिस की गयी लेकिन उनका फ़ोन बंद मिला।
सफेदपोशों की शह पर हमले?
निगम कर्मचारियों के साथ लगातार हो रही ये घटनाएं प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। अभी हाल ही में वज़ीरपुर में भी गाय पकड़ने गए एक कर्मचारी के साथ इतनी मारपीट हुई थी कि उसके कान के पर्दे फट गए थे। दिल्ली दर्पण टीवी ने उस खबर को भी प्रमुखता से दिखाया था। अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या प्रभावशाली नेताओं और दबंगों के इशारे पर ही निगम कर्मचारियों को आसान निशाना बनाया जा रहा है ?
पुलिसिया कार्रवाई
शालीमार बाग पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 121(2), 221, 126(2) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। ये धाराएं सरकारी काम में बाधा डालने और साझा इरादे से हमला करने से जुड़ी हैं। फिलहाल जांच जारी है, लेकिन इस घटना से निगम कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है।
यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/the-demon-tempter-killed-the-people-in-the-forest-and-threw-the-dead-body-into-pieces/

