Tuesday, March 10, 2026
spot_img
Homeदिल्लीMCD के जूनियर इंजीनियर रवि चौहान ने एशियन पावरलिफ्टिंग में जीते तीन...

MCD के जूनियर इंजीनियर रवि चौहान ने एशियन पावरलिफ्टिंग में जीते तीन स्वर्ण पदक

  • दिल्ली दर्पण ब्यूरो
    नई दिल्ली:
    दिल्ली नगर निगम (MCD) के जूनियर इंजीनियर (JE) रवि चौहान ने अंतरराष्ट्रीय खेल पटल पर एक बार फिर भारत का तिरंगा फहराया है। उन्होंने प्रतिष्ठित ‘WRPF एशियन पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026’ में अपनी असाधारण शक्ति का प्रदर्शन करते हुए मास्टर्स-1 (110 किलोग्राम) वर्ग में तीन स्वर्ण पदक जीतकर देश और विभाग का मान बढ़ाया है। रवि चौहान ने इस प्रतियोगिता में फुल पावरलिफ्टिंग, बेंच प्रेस और डेडलिफ्ट स्पर्धाओं में गोल्ड मेडल अपने नाम किए।

एशिया के विभिन्न देशों से आए दिग्गज खिलाड़ियों के बीच मुकाबला करते हुए रवि चौहान ने कुल 575 किलोग्राम वजन उठाकर अपनी शारीरिक दक्षता और दृढ़ इच्छाशक्ति का लोहा मनवाया। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर दिल्ली के माननीय मेयर ने उन्हें मेडल पहनाकर विशेष रूप से सम्मानित किया। मेयर ने रवि की प्रशंसा करते हुए कहा कि सरकारी सेवाओं की व्यस्तता के बीच खेल के प्रति ऐसा समर्पण युवाओं और अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

वर्तमान में केशव पुरम जोन में जूनियर इंजीनियर (सिविल) के रूप में तैनात रवि चौहान का खेल करियर उपलब्धियों से भरा रहा है। वे अब तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 20 से अधिक स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। इससे पहले उन्होंने स्पेन में ‘अर्नाल्ड क्लासिक यूरोप 2024’, थाईलैंड में ‘वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2024’ और रूस में ‘IPL वर्ल्ड कप 2023’ जैसे बड़े मंचों पर भी स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है।
सीमित संसाधनों और विभागीय जिम्मेदारियों के बावजूद रवि चौहान का यह सफर अनुशासन की एक मिसाल पेश करता है। उनकी इस सफलता से न केवल नगर निगम दिल्ली में हर्ष का माहौल है, बल्कि पूरे खेल जगत में उनकी सराहना हो रही है।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/sharab-nat-mamal-dal-hai-kart-k-nuts-s-fur-garmai-policy-kannan-parkray-y-new-masbat/

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments