नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट) ने सोमवार तड़के एक साहसिक ऑपरेशन में हिमांशु भाऊ गैंग के दो मुख्य शूटरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। बापरौला इलाके में हुई इस मुठभेड़ में दोनों शूटरों के पैर में गोलियां लगी हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान दीपक और अतुल के रूप में हुई है, जो दिल्ली और हरियाणा में कई संगीन वारदातों को अंजाम देकर फरार चल रहे थे।
UER के पास खेतों में बिछाया गया था जाल
स्पेशल सेल को गुप्त सूचना मिली थी कि भाऊ गैंग के ये शूटर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए सोमवार तड़के रनहौला और बापरौला की तरफ आने वाले हैं। पुलिस ने सुबह करीब 4 बजे UER के पास खेतों में ट्रैप लगाया। जब बदमाशों को रुकने का इशारा किया गया, तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोलियां चलाईं, जो दोनों शूटरों के पैर में लगीं। घायल हालत में पुलिस ने दोनों को दबोच लिया और अस्पताल में भर्ती कराया।
रिटायर्ड पुलिसकर्मी का हत्यारा है दीपक
पकड़े गए शूटर दीपक ने 1 जनवरी को दिल्ली पुलिस के रिटायर्ड सब-इंस्पेक्टर दलबीर की बेरहमी से हत्या की थी। 60 वर्षीय दलबीर दिव्यांग थे और बैसाखी के सहारे चलते थे। हरियाणा के सोनीपत में उनकी मिठाई के डिब्बे बनाने वाली फैक्ट्री थी। आरोपी दीपक ने दलबीर की ही बैसाखी से पीट-पीटकर उनकी जान ले ली थी और शव को फैक्ट्री में छोड़कर फरार हो गया था।
गुरुग्राम के लग्जरी कार शोरूम पर की थी अंधाधुंध फायरिंग
दूसरा आरोपी अतुल, 8 मार्च को गुरुग्राम के मशहूर लग्जरी यूज्ड कार शोरूम ‘बिग बॉय टॉयज’ पर हुई फायरिंग में शामिल था। बदमाशों ने 5 करोड़ की रंगदारी न मिलने पर शोरूम पर 16 राउंड गोलियां चलाई थीं, जिसमें एक कर्मचारी और एक पालतू कुत्ता घायल हो गया था। हिमांशु भाऊ गैंग ने सोशल मीडिया पर इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए शोरूम मालिक जतिन आहूजा को जान से मारने की धमकी दी थी।
विदेश से गैंग चला रहा है गैंगस्टर हिमांशु भाऊ
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए दोनों शूटर झज्जर जिले के कुलासी गांव के रहने वाले हैं। यह पूरा गिरोह कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ के इशारे पर काम कर रहा है, जो वर्तमान में विदेश में बैठकर दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में जबरन वसूली और हत्या जैसे जघन्य अपराधों को अंजाम दे रहा है। पुलिस अब इन दोनों से पूछताछ कर रही है ताकि गैंग के अन्य सदस्यों और भविष्य की साजिशों का पता लगाया जा सके।
यह भी पढ़ें:– https://delhidarpantv.com/in-dalal-min-ten-thousand-dead-city-criminals-attacked-police-temple-lahal-hakar-bhavan-kar-dabch/

