नई दिल्ली:
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने देशभर में वसूले जा रहे टोल टैक्स को लेकर बड़ा और बेबाक बयान दिया है। एबीपी न्यूज़ के ‘India @2047 Summit’ में बातचीत के दौरान उन्होंने टोल टैक्स को “लीगल लूट” करार देते हुए कहा कि इससे आम आदमी का सिर्फ पैसा ही नहीं, बल्कि कीमती समय और जरूरी अवसर भी बर्बाद हो रहे हैं।
टैक्स पर टैक्स, फिर भी टोल
राघव चड्ढा ने सवाल उठाते हुए कहा कि एक आम नागरिक पहले ही कई स्तरों पर सड़क और इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए टैक्स देता है।
उन्होंने कहा,
“जब आप गाड़ी खरीदते हैं, तब रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर सेस देते हैं। फिर फ्यूल पर भी सेस भरते हैं। इसके बाद भी आपसे टोल टैक्स लिया जाता है। यह कहां तक जायज़ है?”
उनका कहना था कि टोल टैक्स का मूल उद्देश्य सड़क निर्माण की लागत वसूलना होता है, लेकिन अब लागत पूरी होने के बाद भी वर्षों तक टोल वसूला जा रहा है।
DND फ्लाईवे का उदाहरण
आप सांसद ने दिल्ली-नोएडा DND फ्लाईवे का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां टोल वसूली कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद बंद कराई गई थी।
“अगर कोर्ट को दखल देना पड़े, तो यह साफ दिखाता है कि सिस्टम में कहीं न कहीं गड़बड़ी है,” उन्होंने कहा।
सड़कें खराब, लेकिन टोल पूरा
राघव चड्ढा ने सड़क की खराब हालत पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने कहा,
“जब हम सड़क के लिए इतना पैसा देते हैं, तो उम्मीद होती है कि ड्रेनेज सिस्टम ठीक होगा, लेन मार्किंग साफ होगी, रोशनी होगी। लेकिन हकीकत में हमें गड्ढे, टूटी सड़कें और खराब सतह ही नजर आती हैं।”
‘केवल पैसा नहीं, समय भी बर्बाद होता है’
टोल टैक्स को लेकर उन्होंने सबसे बड़ा मुद्दा समय की बर्बादी को बताया।
“टोल प्लाजा पर आधे घंटे से 40 मिनट तक लाइन में खड़े रहना पड़ता है। इस दौरान गाड़ी चालू रहती है, ईंधन बर्बाद होता है। कई बार लोग इंटरव्यू, मीटिंग या डॉक्टर की अपॉइंटमेंट तक मिस कर देते हैं। इसका नुकसान कौन भरता है?”
उन्होंने कहा कि ये सब अदृश्य नुकसान हैं, जो सीधे तौर पर देश की अर्थव्यवस्था को कमजोर करते हैं।
हाई कोर्ट के फैसलों का हवाला
राघव चड्ढा ने बताया कि कई हाई कोर्ट भी टोल टैक्स के मौजूदा सिस्टम पर सवाल उठा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि केरल हाई कोर्ट ने हाल ही में खराब सड़कों के चलते कई मुख्य टोल प्लाजा बंद कर दिए। वहीं जम्मू-कश्मीर हाई कोर्ट ने दो टोल प्लाजा पर 80 फीसदी तक की छूट दी, क्योंकि वहां सड़कें खराब थीं।
5 मिनट से ज्यादा इंतजार, तो टोल फ्री
आप सांसद ने एक ठोस मांग भी रखी।
उन्होंने कहा,
“अगर किसी व्यक्ति को टोल टैक्स देने के लिए पांच मिनट से ज्यादा लाइन में खड़ा रहना पड़ता है, तो उससे टोल नहीं लिया जाना चाहिए और उसकी गाड़ी को फ्री में जाने देना चाहिए।”
राघव चड्ढा का कहना है कि अगर सरकार सच में आम आदमी की परेशानी समझती है, तो टोल टैक्स की पूरी व्यवस्था की दोबारा समीक्षा करनी होगी। उनके मुताबिक, जब तक बुनियादी शर्तें पूरी नहीं होतीं, तब तक जनता से टोल वसूली नहीं की जानी चाहिए।
यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/broker/

