Tuesday, March 24, 2026
spot_img
Homecrime newsपीरागढ़ी ट्रिपल मर्डर का खुलासा: तंत्र-मंत्र के नाम पर जहर देकर लूट...

पीरागढ़ी ट्रिपल मर्डर का खुलासा: तंत्र-मंत्र के नाम पर जहर देकर लूट करता था ‘बाबा कमरूद्दीन’

Peeragarhi Murder Case: कार में मिली तीन लाशों का खुलासा, तंत्र-मंत्र के नाम पर जहर देकर करता था लूट

नई दिल्ली | पश्चिमी दिल्ली
दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके में सड़क किनारे खड़ी एक कार के अंदर मिली तीन लाशों के रहस्य से आखिरकार पर्दा उठ गया है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले को सुलझाते हुए इसे ट्रिपल मर्डर करार दिया है। जांच में सामने आया है कि खुद को तांत्रिक बताने वाला कमरुद्दीन उर्फ बाबा ने पैसों का लालच देकर तीनों को जहर खिलाया और नकदी व कीमती सामान लेकर फरार हो गया।

क्या है पूरा मामला

8 फरवरी 2026 को पश्चिम विहार ईस्ट थाना पुलिस को पीसीआर कॉल मिली थी कि एक सफेद रंग की कार में तीन लोग बेहोशी की हालत में पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस को कार के अंदर और बाहर तीन शव मिले। ड्राइवर सीट पर 76 वर्षीय बुजुर्ग, कार के बाहर 42 वर्षीय एक पुरुष और अंदर 40 वर्षीय महिला का शव पड़ा था।

तीनों को तुरंत संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान

पुलिस ने मृतकों की पहचान बापरोला निवासी 76 वर्षीय रंधीर, नांगली डेयरी निवासी 42 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर शिव नरेश और जहांगीरपुरी निवासी 40 वर्षीय लक्ष्मी के रूप में की थी।

शुरुआती जांच में आत्महत्या का शक

कार से शराब की बोतलें, कोल्ड ड्रिंक, खाली गिलास, मोबाइल फोन, नकदी, आधार कार्ड, हेलमेट और जैकेट मिलने के बाद पुलिस को शुरुआत में आत्महत्या की आशंका हुई थी। हालांकि, मृतकों के परिजनों ने इस थ्योरी को सिरे से खारिज कर दिया और मामले को हत्या बताया।

तांत्रिक कमरुद्दीन निकला मास्टरमाइंड

तकनीकी जांच और कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस को पता चला कि तीनों मृतक एक तांत्रिक कमरुद्दीन के संपर्क में थे। उसने तंत्र-मंत्र और पूजा के जरिए अचानक धन लाभ का लालच दिया था।

जांच में सामने आया कि घटना से एक दिन पहले और वारदात वाले दिन तीनों लोनी, गाजियाबाद गए थे। कार में उनके साथ एक चौथा व्यक्ति भी मौजूद था, जिसकी पहचान बाद में कमरुद्दीन के रूप में हुई।

जहर देकर हत्या, फिर नकदी लेकर फरार

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने पहले से जहर मिले लड्डू तैयार कर रखे थे। पूजा के बहाने उसने शराब और कोल्ड ड्रिंक मंगवाई और सफर के दौरान तीनों को जहरीला प्रसाद खिला दिया। जब तीनों बेहोश हो गए, तो वह कार से उतरकर नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो गया।

पहले भी दर्ज हैं गंभीर मामले

पुलिस के मुताबिक, आरोपी कमरुद्दीन उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद का रहने वाला है और लोनी व फिरोजाबाद में कथित तांत्रिक केंद्र चलाता था। उसके खिलाफ पहले भी हत्या जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने इससे पहले कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

इस सनसनीखेज खुलासे ने एक बार फिर अंधविश्वास और ठगी के नाम पर हो रहे अपराधों की भयावह सच्चाई को उजागर कर दिया है।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/by-rubbing-the-person-inside-the-dalal-fur-dahal-deccan-and-the-chak-of-braham-killing/

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments