नई दिल्ली, 27 जून 2024। दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को मौसम ने करवट ली। देश की राजधानी दिल्ली में मानसून ने अपनी मेहरबानी दिखा दी। दिल्ली एनसीआर के कई इलाकों में मानसून की बारिश हुई। लेकिन जलभराव की समस्या से भी लोगो को दो चार होना पड़ा।
आज दिल्ली एनसीआर के कई इलाकों में सुबह से बारिश हो रही है। आसमान में बादल छाए हुए हैं और गर्मी से लोगों को राहत मिली। दिल्ली के मुनिरका से लेकर सरिता विहार तक और नोएडा से गाजियाबाद तक झमाझम बारिश हो रही है। ग्रेटर नोएडा में भी मानसून का असर दिख रहा है। जहां एक ओर कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को प्रचंड गर्मी से काफी राहत मिली है। लेकिन बारिश राहत के संग आफत भी लेकर आई है। कुछ जगहों पर जलभराव और जाम से लोग जूझते दिखे।
मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी के अनेक हिस्सों में कल से अगले दो दिन तक बारिश की उम्मीद जताई है। इसका असर आज से ही एनसीआर में आने वाले यूपी के जिलों जैसे गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद आदि में भी दिखने लगा है।गुरुवार सुबह से ही आसमान में काले-काले बादल नजर आए। आठ बजते-बजते एकाएक मौसम ने करवट ली। दिल्ली और एनसीआर समेत आसपास के कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई। जिससे मौसम सुहाना हो गई। गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए बारिश अमृत बनकर आई है।
मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक हल्की से भरी बारिश होने का अनुमान जताया है। इस दौरान आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। साथ ही, 25 से 35 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से तेज हवा और धूल भरी आंधी चलेगी। इससे अधिकतम तापमान 38 और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज की जा सकता है।

