नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अपने ही विधानसभा क्षेत्र शालीमार बाग से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने राजधानी की राजनीति में हलचल मचा दी है। आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और विधायक सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर एक बच्चे का वीडियो साझा किया है, जिसमें वह बच्चा निडर होकर मुख्यमंत्री और भाजपा सरकार के कामकाज पर सवाल उठा रहा है।
“एक साल में ही कमा ली ऐसी शोहरत”
सौरभ भारद्वाज ने ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर इस वीडियो को पोस्ट करते हुए तंज कसा कि यह बच्चा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अपने निर्वाचन क्षेत्र का है। भारद्वाज ने लिखा, “Gen Z के बाद जो आ रहे हैं (Gen Alpha), वो भी भाजपा और CM रेखा गुप्ता से डरते नहीं हैं, सच बोल रहे हैं। मात्र एक साल में उन्होंने यह शोहरत कमा ली है।” भारद्वाज का इशारा इस ओर था कि मुख्यमंत्री के अपने ही इलाके के लोग और अब बच्चे भी सरकार की नीतियों और दावों से संतुष्ट नहीं हैं।
गोदी एंकर्स पर भी साधा निशाना
वीडियो साझा करते हुए सौरभ भारद्वाज ने मीडिया के एक वर्ग पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो “पोल खोल” का काम बड़े-बड़े ‘गोदी एंकर’ नहीं कर पा रहे हैं, वह काम यह छोटा सा बच्चा कर रहा है। वीडियो में बच्चा शालीमार बाग की स्थानीय समस्याओं या सरकार की कार्यशैली पर बेबाकी से बोलता नजर आ रहा है, जिसे ‘आप’ नेता ने मुख्यमंत्री की विफलता के रूप में पेश किया है।
लगातार घिर रही हैं मुख्यमंत्री
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से शालीमार बाग इलाके में बुलडोजर की कार्रवाई और घरों को तोड़े जाने के नोटिस को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी रोष है। ‘आप’ लगातार आरोप लगा रही है कि मुख्यमंत्री अपने ही क्षेत्र के गरीबों के आशियाने उजाड़ रही हैं। इस वायरल वीडियो ने भाजपा सरकार के लिए ‘एंटी-इंकम्बेंसी’ (सत्ता विरोधी लहर) की चर्चाओं को और हवा दे दी है।
यह भी पढ़ें:– https://delhidarpantv.com/delhi-onion-tomato-price-drop-farmers-distress-azadpur-mandi-rates/

