Wednesday, February 11, 2026
spot_img
HomeDelhi Politics‘झूठ बोलो और भाग जाओ’ की राजनीति अब दिल्ली में नहीं चलेगी:...

‘झूठ बोलो और भाग जाओ’ की राजनीति अब दिल्ली में नहीं चलेगी: आशीष सूद

-दिल्ली दर्पण ब्यूरो 

नई दिल्ली, 6 जनवरी: दिल्ली के शिक्षा मंत्री श्री आशीष सूद ने आज एक पत्रकार वार्ता के दौरान आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला। श्री सूद ने कहा कि केजरीवाल की राजनीति ‘झूठ बोलो और भाग जाओ’ यानी ‘शूट एंड स्कूट’ की बन चुकी है, जिसे दिल्ली की जनता अब और बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल दिल्ली में बद-अमनी और भ्रम फैलाकर अपनी खोई हुई राजनीतिक प्रासंगिकता को वापस पाने का असफल प्रयास कर रहे हैं। शिक्षा मंत्री ने कहा कि केजरीवाल को अपने झूठ और लोगों को गुमराह करने वाली राजनीति के लिए सार्वजनिक रूप से जनता से माफी मांगनी चाहिए।

शिक्षा मंत्री ने पिछली पत्रकार वार्ता का जिक्र करते हुए स्पष्ट किया कि शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी सर्कुलर में कहीं भी शिक्षकों को कुत्तों की गिनती के काम में लगाने का कोई निर्देश नहीं दिया गया था। उन्होंने सार्वजनिक रूप से चुनौती दी थी कि यदि सर्कुलर में ऐसा कोई उल्लेख हो तो वे शिक्षा मंत्री के नाते माफी मांगने को तैयार हैं, अन्यथा केजरीवाल को दिल्ली की जनता को गुमराह करने के लिए क्षमा याचना करनी चाहिए। श्री सूद ने दावा किया कि उस दिन के बाद से आम आदमी पार्टी ने इस मुद्दे पर बात करना ही बंद कर दिया है, क्योंकि उनकी सच्चाई सबके सामने आ चुकी है। उन्होंने कहा कि एक पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

श्री सूद ने आगे कहा कि यह आम आदमी पार्टी की एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है, जिसमें पहले निराधार आरोप लगाए जाते हैं, सनसनी फैलाई जाती है और बाद में जिम्मेदारी से पीछे हट जाया जाता है। उन्होंने प्रदूषण के मुद्दे पर भी ‘आप’ को घेरते हुए कहा कि सरकार चर्चा से नहीं भाग रही है और यह विषय विधानसभा की कार्यसूची में स्पष्ट रूप से दर्ज है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि केजरीवाल पहले भी मानहानि के मामलों में माफी मांग चुके हैं और इस बार भी सरकार बड़ा दिल दिखाते हुए उन्हें बिना मुकदमे के माफ करने को तैयार है, बशर्ते वे जनता के सामने सच्चाई स्वीकार करें। इस संबंध में शिक्षा मंत्री ने केजरीवाल को एक कड़ा पत्र लिखकर अपनी आपत्ति भी दर्ज कराई है।

यह भी पढ़ें:-  https://delhidarpantv.com/jagrak-janata-janata-janata-vidya-kumar-khan/

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments