दिल्ली के मोती नगर में कपड़े के शोरूम के चेंजिंग रूम में नाबालिग की गला रेतकर हत्या, रिश्तेदार पर आरोप
मोती नगर इलाके में शोरूम के चेंजिंग रूम के अंदर 16 वर्षीय किशोरी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई, रिश्तेदार पर लगा आरोप।

दिल्ली दर्पण ब्यूरो:
पश्चिमी दिल्ली के मोती नगर इलाके में एक कपड़े के शोरूम के भीतर 16 वर्षीय किशोरी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका इसी शोरूम में काम करती थी और उसका शव दुकान के चेंजिंग रूम से बरामद किया गया। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, हमलावर शोरूम के अंदर दाखिल हुआ और उसने चेंजिंग रूम में मौजूद नाबालिग पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में किशोरी का गला रेत दिया गया, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तुरंत घटनास्थल से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मोती नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की छानबीन की जा रही है।
इस बीच मृतका के परिवार वालों ने हत्या का आरोप अपने ही एक रिश्तेदार पर लगाया है। परिजनों का कहना है कि मृतका की बहन के देवर सूरज ने इस वारदात को अंजाम दिया है।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी सूरज पहले भी किशोरी के साथ मारपीट कर चुका था। पुलिस ने परिजनों के बयानों को दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी सूरज की तलाश शुरू कर दी है।
लेखक




टिप्पणियाँ
0