दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। इलाके के एक पार्क में एक महिला द्वारा 1 साल 9 महीने के मासूम बच्चे की गला दबाकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोग स्तब्ध हैं।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 फरवरी शुक्रवार को दोपहर करीब 1:30 बजे पीसीआर को सूचना मिली कि SFS फ्लैट्स, मुखर्जी नगर स्थित एक पार्क में एक महिला ने छोटे बच्चे का गला दबा दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे को महिला के चंगुल से छुड़ाया और तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
मृतक बच्चे की पहचान हादी (पुत्र आदिल), निवासी ओल्ड सीलमपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादी अपनी मां उजमा के साथ अपने ननिहाल आया हुआ था। घटना की जानकारी बच्चे के मामा द्वारा पुलिस को दी गई।
आरोपी महिला की पहचान
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी महिला अज़रा (30 वर्ष) पार्क में ही बेहोश हालत में मिली। उसे मेडिकल जांच के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उसकी हालत और मानसिक स्थिति की जांच की जा रही है।
जांच जारी
पुलिस ने मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी महिला ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया। हत्या के पीछे की वजह क्या थी, इसे लेकर पुलिस गहराई से जांच में जुटी है।
इस दर्दनाक घटना ने इलाके के लोगों को हिला कर रख दिया है। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोग भी इस घटना को लेकर हैरान और आक्रोशित हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले के सभी तथ्यों को सामने लाया जाएगा।
यह भी पढ़ें- https://delhidarpantv.com/item-government-per-year-congress-ai-vidya-hitton-details-it-rules-for-use/

