पुरानी दिल्ली को मिली नई पहचान, SRDC अब बनेगा ‘इंद्रप्रस्थ विरासत
दिल्ली दर्पण ब्यूरो | नई दिल्ली | 11 जुलाई 2026
नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने पुरानी दिल्ली के संरक्षण और विकास से जुड़े अहम सरकारी निकाय शाहजहानाबाद रिडेवलपमेंट कॉरपोरेशन (SRDC) का नाम बदलकर इंद्रप्रस्थ विरासत पुनर्विकास निगम (IVPN) कर दिया है। सरकार का कहना है कि यह बदलाव सिर्फ नाम बदलने तक सीमित नहीं है, बल्कि राजधानी की ऐतिहासिक विरासत को आधुनिक विकास से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार का लक्ष्य पुरानी दिल्ली की ऐतिहासिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए यहां सड़क, सीवर, पेयजल, स्वच्छता, ट्रैफिक और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि पुरानी दिल्ली देश की सांस्कृतिक धरोहर है और इसके विकास के साथ विरासत संरक्षण भी सरकार की प्राथमिकता है।
सरकार के मुताबिक, ‘इंद्रप्रस्थ’ नाम दिल्ली के प्राचीन इतिहास और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। इसी सोच के तहत निगम का नया नाम रखा गया है। इस प्रस्ताव को पहले बोर्ड की मंजूरी मिली, जिसके बाद सरकार ने इसे औपचारिक रूप से लागू कर दिया।
नाम बदलने के बावजूद निगम की जिम्मेदारियों में कोई बदलाव नहीं होगा। संस्था पहले की तरह ऐतिहासिक इमारतों, धार्मिक स्थलों, पारंपरिक बाजारों और विरासत क्षेत्रों के संरक्षण के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं के विकास पर काम करती रहेगी।
सरकार ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में चांदनी चौक और आसपास के विरासत क्षेत्रों में विकास कार्यों को और गति दी जाएगी। ट्रैफिक प्रबंधन, साफ-सफाई, पैदल यात्रियों की सुविधाओं और पर्यटन को बढ़ावा देने पर विशेष फोकस रहेगा।
इस फैसले का स्थानीय व्यापारियों और सामाजिक संगठनों ने स्वागत किया है। उनका मानना है कि यदि विरासत संरक्षण और आधुनिक सुविधाओं के बीच संतुलन बनाकर योजनाओं को लागू किया गया, तो इससे पर्यटन, व्यापार और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।