लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी से मचा हड़कंप, जांच में निकली फर्जी सूचना
दिल्ली दर्पण ब्यूरो | नई दिल्ली | 11 जुलाई 2026
राजधानी दिल्ली में एक चोकने वाली खबर सामने आई है! दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। चुकी यह धमकी सीधे दिल्ली पुलिस को नहीं, बल्कि मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को एक फोन कॉल के जरिए दी गई थी।
सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस ने तत्काल दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम को अलर्ट किया। इसके बाद मामला नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट पुलिस को सौंपा गया और लाल किला परिसर सहित आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर जांच शुरू कर दी गई।
जांच में धमकी निकली फर्जी
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर आवश्यक जांच और सुरक्षा जांच अभियान चलाया। जांच पूरी होने के बाद अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी फर्जी थी और किसी भी प्रकार का संदिग्ध विस्फोटक नहीं मिला।
पहले भी मिल चुकी हैं ऐसी धमकियां
हाल के वर्षों में दिल्ली-एनसीआर के कई स्कूलों, सार्वजनिक स्थानों और उड़ानों को भी बम से उड़ाने की झूठी धमकियां मिल चुकी हैं। अधिकांश मामलों में जांच के बाद ये सूचनाएं अफवाह या फर्जी साबित हुईं। इसके बावजूद सुरक्षा एजेंसियां हर सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करती हैं।
सुरक्षा एजेंसियां रहीं अलर्ट
लाल किला देश की सबसे महत्वपूर्ण ऐतिहासिक और संवेदनशील धरोहरों में से एक है। हर वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री यहीं से राष्ट्र को संबोधित करते हैं। इसी कारण किसी भी सुरक्षा संबंधी सूचना पर पुलिस और अन्य एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो जाती हैं।
फिलहाल पुलिस कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान और धमकी देने के पीछे की मंशा का पता लगाने में जुटी है। प्रारंभिक जांच में यह सूचना फर्जी पाई गई है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली है।