मधु विहार में बैंक्वेट हॉल पर कब्जे का विवाद बना खूनी, ताबड़तोड़ फायरिंग में महिला घायल
नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के मधु विहार इलाके में गुरुवार को एक बैंक्वेट हॉल पर कब्जे के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शुभम बैंक्वेट हॉल के बाहर शाम के समय हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में एक महिला घायल हो गई। महिला के पैर में गोली लगने के बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
कब्जे के विवाद से बढ़ा तनाव
जानकारी के अनुसार, शुभम बैंक्वेट हॉल के मालिक सुरेंद्र डे हैं, जबकि पिछले सात वर्षों से इसका संचालन आजाद चौधरी लीज पर कर रहे हैं। आरोप है कि गुरुवार दोपहर विक्की डेढ़ा, गौरव और उनके साथ आए कुछ लोग बैंक्वेट हॉल पर कब्जा करने पहुंचे और मुख्य गेट पर ताला लगा दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने बुलाकर मामला शांत कराया गया। हालांकि, शाम होते-होते विवाद ने फिर उग्र रूप ले लिया।
शाम को दोबारा पहुंचे आरोपी, शुरू कर दी फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम करीब छह बजे 10 से 15 लोग कई गाड़ियों में सवार होकर दोबारा बैंक्वेट हॉल पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने आते ही बैंक्वेट हॉल के बाहर कई राउंड फायरिंग कर दी। इस दौरान वहां मौजूद एक महिला के पैर में गोली लग गई। घटना के समय बैंक्वेट हॉल में कई महिलाएं भी मौजूद थीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पीड़ित पक्ष का दावा है कि फायरिंग के दौरान एक पुलिसकर्मी भी घटनास्थल पर मौजूद था और पूरी वारदात उसकी मौजूदगी में हुई। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान करने, सीसीटीवी फुटेज खंगालने और फायरिंग के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।