सरकारी काम में हुई बाधा: SIR अभियान में हुई महिला BLO से अभद्रता, 4 आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली दर्पण ब्यूरो | नई दिल्ली | 16 जुलाई 2026
राजधानी दिल्ली के चांदनी महल थाना के क्षेत्र में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान के दौरान एक महिला बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के साथ कथित तोर से हुई अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर, अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 5 जुलाई को फाटक तेलियान इलाके में SIR अभियान के तहत ड्यूटी के दौरान एक व्यक्ति ने कथित तौर पर महिला BLO की गोद में रजिस्टर रखकर उनकी इच्छा के विरुद्ध उस पर हस्ताक्षर कर दिए। महिला अधिकारी ने आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने भी उनके साथ दुर्व्यवहार किया, SIR फॉर्म लेने से इनकार किया और सरकारी कार्य में रुकावट भी पैदा की।
हालांकि घटना 5 जुलाई की थी, लेकिन इसकी शिकायत 15 जुलाई को पुलिस तक पहुंची। महिला अधिकारी ने बताया कि उन्होंने पहले पूरे मामले की जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी और आवश्यक सलाह लेने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत की जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की। इसके बाद नामजद चारों आरोपियों—मोहम्मद सबरीन (44), अतीक उर रहमान (58), मोहम्मद आसिफ (50) और मोहम्मद अफताब (44)—को गिरफ्तार कर लिया गया। सभी आरोपी तुर्कमान गेट क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।