दिल्ली पुलिस की वेस्ट डिस्ट्रिक्ट साइबर टीम ने एक बड़े साइबर फ्रॉड नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है, जिसने देशभर में करीब 40 करोड़ रुपये की ठगी को अंजाम दिया था।
यह पूरा गैंग बेहद शातिर तरीके से काम करता था। पहले लोगों को फोन कॉल आता था, जिसमें आरोपी खुद को सरकारी अधिकारी बताते थे। वे दावा करते थे कि आपका आधार कार्ड इस्तेमाल हुआ है, बैंक अकाउंट जांच के दायरे में है या फिर मनी लॉन्ड्रिंग का मामला चल रहा है। इसी डर का फायदा उठाकर लोगों को फंसाया जाता था।
इसके बाद पीड़ितों को WhatsApp ग्रुप में जोड़कर उन्हें ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट या अन्य बहाने से पैसे लगाने के लिए प्रेरित किया जाता था। शुरुआत में छोटे रिटर्न देकर भरोसा बनाया जाता था, फिर बड़ी रकम लगवाकर पूरा पैसा हड़प लिया जाता था।
दिल्ली पुलिस की जांच में सामने आया कि यह कोई साधारण गिरोह नहीं बल्कि एक संगठित साइबर नेटवर्क है, जो ऑनलाइन ठगी को किसी बड़े बिजनेस या स्टार्टअप की तरह चला रहा था।
इस पूरे ऑपरेशन में पुलिस ने 89 साइबर अपराधियों को चिन्हित किया है। इनमें से 35 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 54 लोगों को बाउंड डाउन किया गया है।
पुलिस के मुताबिक इस पूरे नेटवर्क में करीब 40 करोड़ रुपये की ठगी के पुख्ता सुराग मिले हैं। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

