दिल्ली दर्पण टीवी | ब्यूरो रिपोर्ट
नॉर्थ वेस्ट दिल्ली अपराधियों की बेखौफ़ वारदातों से दहल उठा है। भारत नगर थाना क्षेत्र में सरकारी शराब के ठेके पर चाकूबाजी की घटना की गूँज अभी थमी भी नहीं थी कि आदर्श नगर थाना इलाके के आजादपुर गाँव से नकाबपोश बदमाशों की गुंडागर्दी की तस्वीरें सामने आ गईं।
गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे चार नकाबपोश युवक अचानक अम्बे दीप ज्वैलर्स की दुकान में घुसे। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, बदमाशों ने दुकान के शीशे तोड़े और विरोध करने पर मालिक मदनलाल गुप्ता पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मदनलाल को फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के वक्त आस-पास लोग मौजूद थे, लेकिन बदमाशों के हौसले इतने बुलंद थे कि किसी की परवाह नहीं की।

मौके पर मौजूद भीड़ ने जब शोर मचाना शुरू किया तो आरोपी बिना कुछ लूटे ही भाग खड़े हुए। मदनलाल को चार जगह चाकू लगे हैं। परिजनों का कहना है कि हमलावरों ने लूट की कोशिश भी की थी, वहीं पुलिस प्रारंभिक जांच में इसे आपसी रंजिश की कड़ी से जोड़ रही है।
बेटी सुरभि सिंघल का कहना है कि परिवार हमलावरों को नहीं जानता और हमला जान से मारने की नीयत से हुआ। पुलिस फिलहाल हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
भारत नगर ठेके पर हमले के आरोपी हाल ही में गिरफ्तार किए गए थे, लेकिन लगातार हो रही ऐसी घटनाएँ नॉर्थ वेस्ट जिला पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही हैं। अपराधियों का बेखौफ़ होकर दिनदहाड़े दुकानों में घुस जाना और चाकुओं से हमला करना आम लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय बन चुका है।

