Wednesday, March 4, 2026
spot_img
HomeDELHI POLICEआग से घिरी बस, शीशा तोड़कर कूदे यात्री — मथुरा हादसे में...

आग से घिरी बस, शीशा तोड़कर कूदे यात्री — मथुरा हादसे में बचे लोगों ने बयां किया खौफनाक मंजर

Delhi–Agra Expressway Accident मथुरा में भीषण सड़क हादसा, कई बसों में लगी आग, 4 की मौत

मथुरा में मंगलवार सुबह दिल्ली–आगरा एक्सप्रेसवे पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी, इसी बीच सात बसें और तीन कारें आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई बसों में आग लग गई। इस हादसे में अब तक चार यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 25 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।

हादसे के समय अधिकतर यात्री बसों में सो रहे थे। अचानक तेज धमाके और झटकों से उनकी नींद खुली, लेकिन तब तक हालात बेकाबू हो चुके थे। कुछ ही पलों में बसों में आग फैल गई। जान बचाने के लिए कई यात्री सामान छोड़कर गेट से बाहर निकले, जबकि पीछे बैठे यात्रियों ने बस का शीशा तोड़कर नीचे कूदकर अपनी जान बचाई।

हादसे में बच निकले यात्रियों ने उस खौफनाक मंजर को याद करते हुए आपबीती साझा की। औरैया से दिल्ली जा रहे मुकेश नाम के यात्री ने बताया,
“हम बस में आराम से सो रहे थे। तभी अचानक जोरदार आवाज आई और एक के बाद एक झटके लगे। कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बस में आग लग चुकी थी। हम खुशकिस्मत थे कि नॉन-एसी बस में थे। तुरंत शीशा तोड़ा और बाहर निकल आए। कुछ महिलाओं और बच्चों को भी बाहर निकाला, लेकिन मेरा लैपटॉप और बाकी सामान आग में जल गया।”

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है, वहीं कोहरे के कारण एक्सप्रेसवे पर वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।

यह भी पढ़ें:- https://delhidarpantv.com/how-to-become-a-public-party-in-ncr-so-much-of-the-death-is-causing-a-problem/

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments