– दिल्ली दर्पण ब्यूरो
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के इंद्रलोक-दयाबस्ती इलाके में एक बेहद ही खौफनाक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां आपसी रंजिश में दो युवकों की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। यह पूरा विवाद करीब दो साल पुराने एक छेड़छाड़ के कोर्ट केस से जुड़ा हुआ है। पीड़ित परिवार पर आरोपी पक्ष लगातार केस वापस लेने का दबाव बना रहा था और आगामी 5 मई को होने वाली गवाही से पहले ही आरोपियों ने इस जानलेवा वारदात को अंजाम दे दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में गहरा रोष और तनाव व्याप्त है।
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक, वारदात को बेहद ही सोची-समझी साजिश के तहत अंजाम दिया गया। जब पीड़ित परिवार के युवक मस्जिद से नमाज पढ़कर लौट रहे थे, तभी घात लगाए बैठे आरोपियों ने अचानक उनकी आंखों में मिर्ची का पानी फेंक दिया। इसके तुरंत बाद आरोपियों ने उन पर ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला कर दिया। इस खूनी हमले में इम्तियाज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि मंसूर की मौत अस्पताल में हुई। वहीं, समीर नाम का एक अन्य युवक सिर में गंभीर चोट लगने के कारण अस्पताल के आईसीयू में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है।
इस दोहरे हत्याकांड के बाद पीड़ित परिवार ने स्थानीय इंद्रलोक चौकी पुलिस और प्रशासन पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के बजाय पीड़ित पक्ष के ही बच्चों को हिरासत में ले लिया, जबकि हत्या के बाद आरोपी पक्ष ने कथित तौर पर पटाखे फोड़कर जश्न मनाया। परिजनों ने स्थानीय विधायक और निगम पार्षद पर भी इस दुखद घड़ी में सुध न लेने की नाराजगी जाहिर की है। फिलहाल पीड़ित परिवार पुलिस से त्वरित कार्रवाई और इंसाफ की गुहार लगा रहा है।
यह भी पढ़ें:– https://delhidarpantv.com/accusation-of-making-hot-political-change-of-society-a-nation-by-taking-force-in-vajrapar/

