दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार (28 दिसंबर) को फ्रेंड्स कॉलोनी औद्योगिक क्षेत्र के शताब्दी समारोह में कहा कि उनकी सरकार ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि बीते चार महीनों में राजधानी के व्यापारियों को 915 करोड़ रुपये का GST रिफंड जारी किया गया है।
सीएम गुप्ता ने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य व्यापारियों को अनावश्यक परेशानियों से राहत देना और दिल्ली में व्यापार करना आसान बनाना है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार उद्यम विकास को तेज करने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर लगातार काम कर रही है।
दिल्ली में नए औद्योगिक क्षेत्र और रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने बताया कि आने वाले समय में दिल्ली में तीन नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे, जिससे लाखों लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा, “मजबूत उद्योग ही मजबूत अर्थव्यवस्था की नींव है। इसीलिए हम उद्योगों के विकास और उद्यमियों की सुविधा को प्राथमिकता दे रहे हैं।”
10 महीनों में किए गए बड़े सुधार
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि मात्र 10 महीनों में औद्योगिक क्षेत्र के लिए कई अहम सुधार लागू किए गए हैं। लाइसेंसिंग प्रक्रिया को सरल बनाया गया है और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए सिंगल विंडो क्लीयरेंस सिस्टम लागू किया गया है। इसके तहत उद्योगों को मंजूरी लेने में कम समय लगेगा और काम तेजी से आगे बढ़ेगा।
इसके अलावा, दिल्ली का पहला व्यापारी कल्याण बोर्ड भी गठित किया गया है। इसके जरिए व्यापारी और औद्योगिक संगठन अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे सरकार तक पहुंचा सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उद्योगों के साथ संवाद बढ़ाकर व्यावहारिक समाधान निकालने में विश्वास रखती है।
MSME को बिना गारंटी कर्ज
सरकार ने सूक्ष्म और लघु उद्यमों (MSME) के लिए 10 करोड़ रुपये तक के बिना गारंटी वाले ऋण की सुविधा भी शुरू की है। इसका उद्देश्य छोटे कारोबारियों को वित्तीय मजबूती देना और उनके व्यवसाय को बढ़ावा देना है।
सीएम ने यह भी बताया कि GST विभाग में फेसलेस सिस्टम और रिफंड प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका नतीजा रहा कि चार महीनों में ही 915 करोड़ रुपये का रिफंड व्यापारियों को जारी किया जा सका।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा सहित कई विधायक और औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- https://delhidarpantv.com/the-storm-in-the-dark-clouds-of-thunder-storm-with-the-speed-of-many-turns-moving-along/

