Friday, February 13, 2026
spot_img
Homecrime newsदिल्ली में नकली घी-नमक फैक्ट्री का भंडाफोड़, क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई

दिल्ली में नकली घी-नमक फैक्ट्री का भंडाफोड़, क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मिलावटखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली घी, नमक और रोज़मर्रा के इस्तेमाल के नामी ब्रांड्स के उत्पाद बनाने वाले एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में उत्तम नगर इलाके से चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से भारी मात्रा में नकली सामान बरामद हुआ है। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह लोगों की सेहत के साथ खुलेआम खिलवाड़ कर रहा था।

गुप्त सूचना से हुआ खुलासा
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि उत्तम नगर के दल मिल रोड क्षेत्र में नकली सामान की एक बड़ी खेप सप्लाई की जाने वाली है। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाया और दोपहर करीब 2:15 बजे एक संदिग्ध टेंपो को रोककर तलाशी ली। टेंपो से 1131 लीटर नकली घी, करीब 3000 किलो नकली टाटा नमक, 8640 ईनो सैशे, 1200 ऑल आउट और 1152 वीट जैसे उत्पाद बरामद किए गए। मौके पर मौजूद संबंधित कंपनियों के प्रतिनिधियों ने जांच के बाद पुष्टि की कि जब्त किया गया पूरा सामान नकली है।

नकली फैक्ट्री और पैकिंग यूनिट का भंडाफोड़
पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी नितिन कुमार ने खुलासा किया कि कंझावला इंडस्ट्रियल एरिया में नकली घी बनाने की एक फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। यहां घटिया कच्चे माल से घी तैयार कर उसे अमूल, पतंजलि और मधुसूदन जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड्स के फर्जी पैकेट में भरकर बाजार में उतारा जाता था। पुलिस ने फैक्ट्री पर छापा मारकर पैकिंग मशीनें, नकली रैपर, लेबल और कच्चा माल बरामद किया।

इसके अलावा निलोठी एक्सटेंशन इलाके में नकली टाटा नमक तैयार करने की एक अलग यूनिट का भी पता चला है, जहां से बड़ी मात्रा में मिलावटी नमक पैक कर सप्लाई किया जा रहा था।

लालच में जनता की सेहत से खिलवाड़
पुलिस के अनुसार आरोपी कम लागत में नकली उत्पाद तैयार कर 50 प्रतिशत से अधिक मुनाफा कमा रहे थे। हालांकि इस लालच में उन्होंने आम लोगों की सेहत को गंभीर खतरे में डाल दिया। नकली घी, नमक और अन्य उत्पादों के सेवन से गंभीर बीमारियों की आशंका जताई जा रही है।

फिलहाल क्राइम ब्रांच ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं और कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह रैकेट कितने समय से सक्रिय था और दिल्ली सहित किन-किन इलाकों में नकली सामान की सप्लाई की जा रही थी।

यह भी पढ़ें- https://delhidarpantv.com/gang-workers-strike-leads-to-crisis-on-new-years-eve/

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments