नई दिल्ली:
दिल्ली के प्रतिष्ठित ली मेरिडियन होटल में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। होटल की 12वीं मंजिल से कूदकर एक शख्स ने आत्महत्या कर ली, जिससे होटल परिसर में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
दोपहर में मिली पुलिस को सूचना
पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब 12:30 बजे कंट्रोल रूम को कॉल मिली कि ली मेरिडियन होटल में एक व्यक्ति ने 12वीं मंजिल से छलांग लगा दी है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम होटल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
मृतक की पहचान परविंदर सिंह के रूप में
मृतक की पहचान 50 वर्षीय परविंदर सिंह के रूप में हुई है, जो दिल्ली के राजेंद्र नगर इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, परविंदर सिंह ने क्रिसमस के दौरान ली मेरिडियन होटल में ठहरने के लिए बुकिंग की थी। बुधवार दोपहर वह होटल के अंदर गया, लिफ्ट के जरिए ऊपर पहुंचा और 12वीं मंजिल से छलांग लगा दी।
फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस होटल के कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने यह कदम क्यों उठाया।
पुलिस जांच में जुटी
दिल्ली पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि की जाएगी।
हाल के दिनों में आत्महत्या की एक और घटना
गौरतलब है कि नवंबर 2025 में दिल्ली के राजेंद्र प्लेस मेट्रो स्टेशन पर भी एक छात्र ने कथित तौर पर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली थी। मृतक छात्र 10वीं कक्षा में पढ़ता था। परिजनों ने आरोप लगाया था कि स्कूल के कुछ शिक्षकों द्वारा लगातार मानसिक प्रताड़ना के चलते छात्र ने यह कदम उठाया। उस मामले में छात्र के बैग से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ था, जिसमें उसने परिवार से माफी मांगते हुए अंग दान करने की इच्छा जताई थी।
ली मेरिडियन होटल की इस घटना ने एक बार फिर मानसिक तनाव और आत्महत्या जैसे गंभीर मुद्दों पर ध्यान खींचा है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
यह भी पढ़ें- https://delhidarpantv.com/delhi-news-keeps-secret-government-not-poor-for-15-months-free-chan-yajan-sharak/

